पाकिस्तान में 19 फरवरी से कराची, लाहौर और रावलपिंडी में होने वाले आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी मैचों के लिए कम से कम 17,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार पंजाब सरकार ने भाग लेने वाली टीमों के लिए 24 घंटे सुरक्षा प्रदान करने की तैयारी शुरू कर दी है जिसमें लाहौर और रावलपिंडी में टीम होटल के साथ-साथ मैच स्थलों को भी शामिल किया जाएगा।
सुरक्षा के मामले में पीसीबी नहीं कर रहा कोई कोताही
एक अधिकारी ने कहा, पंजाब सरकार मैचों और टीमों के लिए लगभग 12,500 अधिकारी और अन्य सुरक्षाकर्मी तैनात करेगी। उन्होंने कहा कि लाहौर में मैचों के लिए विशेष कमांडो सहित 7,600 पुलिस और सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे जबकि विशेष शाखा के 411 सहित 4,500 अधिकारी रावलपिंडी में सुरक्षा की देखरेख करेंगे। अधिकारी ने कहा कि अगर जरूरी हुआ तो सेना के सहयोग से टूर्नामेंट के दौरान ‘स्नाइपर्स’ और हवाई निगरानी की जाएगी।
भारत-पाकिस्तान एक ग्रुप में शामिल
चैंपियंस ट्रॉफी में आठ टीमें हिस्सा लेंगी जिन्हें चार-चार के दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप चरण में 12 मुकाबले होंगे जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में शामिल हैं और दोनों के बीच मैच 23 फरवरी को दुबई में खेला जाएगा। भारत अपने अभियान की शुरुआत 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ करेगा। इसके बाद उसका पाकिस्तान से सामना होगा और फिर दो मार्च को न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। चैंपिंयस ट्रॉफी का फाइनल नौ मार्च को खेला जाएगा।