एशिया कप 2023 की मेजबानी को लेकर बीसीसीआई और पीसीबी आमने-सामने हैं। एशियन क्रिकेट काउंसिल ने इस टूर्नामेंट की मेजबानी पाकिस्तान को दी थी, लेकिन बीसीसीआई सुरक्षा कारणों से यहां अपनी टीम नहीं भेजना चाहता है। ऐसे में पाकिस्तान ने हाइब्रीड मॉडल पेश किया था, जिसके तहत टूर्नामेंट पाकिस्तान में होना था, लेकिन भारत के मैच में यूएई में खेले जाने थे।
बांग्लादेश और अफगानिस्तान सहित बाकी देश इसके लिए तैयार नहीं थे, क्योंकि उन्हें लगातार पाकिस्तान और यूएई के बीच यात्रा करनी पड़ती। ऐसे में इस टूर्नामेंट की मेजबानी श्रीलंका को दिए जाने की बात चल रही है। इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजम सेठी ने साफ किया है कि पाकिस्तान भारत में वनडे विश्व कप तभी खेलेगा, जब भारतीय टीम एशिया कप के लिए पाकिस्तान का दौरा करे और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी खेलने के लिए पाकिस्तान आने के लिए तैयार हो।
सेठी ने यह भी कहा कि अगर भारत पाकिस्तान आता है, तो पाकिस्तान को अहमदाबाद सहित किसी भी भारतीय शहर में खेलने में कोई समस्या नहीं होगी। नजम सेठी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के एशिया कप नहीं खेलने पर इस टूर्नामेंट के प्रसारक स्टार को घाटा होगा, क्योंकि मुकाबलों में दर्शकों की रुचि नहीं होगी। इस टूर्नामेंट की लोकप्रियता भारत और पाकिस्तान के मैच से ही होती है।
नजम सेठी ने यह भी कहा कि इमरान खान की गिरफ्तारी के बावजूद सभी खिलाड़ी पाकिस्तान में सुरक्षित रहेंगे और सभी टीमों को पाकिस्तान का दौरा करना चाहिए। अहमदाबाद में खेलने के सवाल पर सेठी ने कहा कि पाकिस्तान की टीम को भारत के किसी भी मैदान में खेलने में कोई समस्या नहीं है, लेकिन भारतीय टीम भी पाकिस्तान में खेलने के लिए तैयार हो तभी ऐसा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान आने पर भारतीय खिलाड़ियों को वीवीआईपी सुरक्षा दी जाएगी। वहीं, बांग्लादेश में खेलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान को तटस्थ देश में खेलने की बजाय एक दूसरे के देश में खेलना चाहिए। इससे दोनों देशों को फायदा होगा।