पूर्व कप्तान यूनुस खान ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पाक टीम में शामिल किए जाने के बाद शुरुआती वनडे मैच से पहले एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। उनके इस फैसले से पाक में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) समेत प्रशंसक सभी चौंक गए।
पीसीबी के चेयरमैन शहरयार खान ने यूनुस के फैसले की टाइमिंग पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा, "मैं न सिर्फ उनके वनडे से संन्यास लेने के फैसले से नाराज हूं बल्कि संन्यास लेने की टाइमिंग पर भी नाराज हूं।" उन्होंने आगे कहा, "यूनुस बढ़िया कर रहे हैं और यही कारण है कि चयनकर्तओं ने उन्हें वनडे में फिर से शामिल करने का फैसला लिया। मेरे लिए उनके संन्यास का फैसला चौंकाने वाला है।"
37 साल के यूनुस खान ने बुधवार को अबू धाबी में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के शुरुआती वनडे मुकाबले से कुछ समय पहले ही वनडे से रिटायर होने की घोषणा कर दी। हालांकि वह अपने अंतिम वनडे मैच में कमाल नहीं कर सके और अपने 265वें मैच में सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने मार्च 2000 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे करियर शुरू किया था।
इससे पहले यूनुस को फरवरी-मार्च में वर्ल्ड कप में टीम के शुरुआती चरण में ही बाहर हो जाने वनडे टीम से बाहर कर दिया गया था। वनडे टीम से बाहर किए जाने के बाद इस अनुभवी बल्लेबाज ने चयनकर्ताओं की जमकर आलोचना की थी। तब से उनकी चयनकर्ताओं से नाराजगी बनी हुई थी।