फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

WCL में पाकिस्तान की बेज्जती: पीसीबी ने नहीं दी एनओसी, भारतीय खिलाड़ियों से माफी की मांग भी नहीं मानी गई

Mon, 05 Oct 2026 06:26 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पीसीबी ने पाकिस्तान चैंपियंस के खिलाड़ियों को डब्ल्यूसीएल में खेलने के लिए एनओसी देने से इनकार कर दिया। बोर्ड भारतीय खिलाड़ियों से पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलने को लेकर लिखित माफी और दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने की शर्त चाहता था, जिसे डब्ल्यूसीएल प्रबंधन ने नहीं माना।

विज्ञापन
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (डब्ल्यूसीएल) के तीसरे सीजन में पाकिस्तान चैंपियंस की भागीदारी को लेकर चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अपने खिलाड़ियों को टूर्नामेंट में खेलने के लिए जरूरी नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) देने से इनकार कर दिया है। इसके बाद पाकिस्तान चैंपियंस ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया। डब्ल्यूसीएल से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, पीसीबी ने पाकिस्तान चैंपियंस को एनओसी देने के लिए कुछ शर्तें रखी थीं। बोर्ड की प्रमुख मांगों में पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलने वाले भारतीय खिलाड़ियों से लिखित माफी मांगना और दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने को लेकर आश्वासन शामिल था।
विज्ञापन

युवराज सिंह - फोटो : ANI
भारतीय खिलाड़ियों से लिखित माफी चाहता था पीसीबी
पिछले साल डब्ल्यूसीएल में भारत चैंपियंस ने पाकिस्तान चैंपियंस के खिलाफ निर्धारित मुकाबला खेलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पीसीबी ने इस मामले पर आपत्ति जताई थी। सूत्रों के अनुसार, इसी घटना को देखते हुए पीसीबी ने इस बार पाकिस्तान के खिलाड़ियों को एनओसी देने से पहले भारतीय खिलाड़ियों से लिखित माफी की मांग की थी। बोर्ड की ओर से यह भी संकेत दिया गया था कि माफी के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है। हालांकि, डब्ल्यूसीएल प्रबंधन ने पीसीबी की इन मांगों को स्वीकार नहीं किया। टूर्नामेंट प्रबंधन ने पीसीबी की कुछ व्यावसायिक शर्तों को मान लिया, लेकिन लिखित माफी और खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने से जुड़ी शर्तों को खारिज कर दिया।

भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI
मांगें नहीं मानी गईं तो पीसीबी ने एनओसी नहीं दी
दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनने के बाद पीसीबी ने पाकिस्तान चैंपियंस के खिलाड़ियों को एनओसी नहीं देने का फैसला किया। इसके बाद पाकिस्तान चैंपियंस ने सोमवार को डब्ल्यूसीएल सीजन-3 से हटने की घोषणा कर दी। टीम ने अपने बयान में कहा कि वह पीसीबी के फैसले का सम्मान करती है, लेकिन इस बात से निराश है कि उसके खिलाड़ियों को इस टूर्नामेंट में खेलने का मौका नहीं मिलेगा।

पिछले साल भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेला था
यह पूरा विवाद पिछले साल डब्ल्यूसीएल में भारत चैंपियंस के पाकिस्तान चैंपियंस के खिलाफ मैच नहीं खेलने से जुड़ा है। दोनों टीमों के बीच ग्रुप चरण में मुकाबला होना था, लेकिन भारत के खेलने से इनकार करने के बाद मैच रद्द कर दिया गया था। इसके बाद सेमीफाइनल में भी भारत चैंपियंस ने पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरने से इनकार कर दिया था। इसके चलते पाकिस्तान चैंपियंस को बिना मैच खेले फाइनल में प्रवेश मिला था। उस समय भारत के खिलाड़ियों ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच बने तनाव और सार्वजनिक भावनाओं को देखते हुए पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार किया था। भारतीय टीम में युवराज सिंह, सुरेश रैना, हरभजन सिंह, पीयूष चावला, यूसुफ पठान और रॉबिन उथप्पा जैसे पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल थे।
विज्ञापन

भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI
10 अक्तूबर का भारत-पाकिस्तान मैच भी नहीं होगा
पाकिस्तान चैंपियंस के टूर्नामेंट से हटने के बाद 10 अक्तूबर को होने वाला भारत चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस का मुकाबला भी नहीं होगा। डब्ल्यूसीएल ने पुष्टि की है कि पाकिस्तान चैंपियंस की गैरमौजूदगी में टूर्नामेंट छह टीमों के साथ जारी रहेगा। पाकिस्तान चैंपियंस डब्ल्यूसीएल के पिछले दोनों सीजन में उपविजेता रही थी। 2024 के पहले सीजन के फाइनल में उसे भारत चैंपियंस से हार मिली थी, जबकि 2025 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस ने उसे हराया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें