ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस का मानना है कि 18 जून से साउथम्पटन में खेले जाने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम इंग्लैंड के मौजूदा बारिश वाले मौसम में भारत के मुकाबले परिस्थितियों का ज्यादा लुत्फ उठाएगी। आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रतिनिधित्व करने वाले कमिंस ने हालांकि फाइनल के विजेता का अनुमान नहीं लगाया।
फैंस के साथ यू-ट्यूब पर सवाल-जवाब के सत्र में कमिंस ने कहा, 'यह एक अच्छा मैच होगा। मैंने समाचारों में जो देखा है, उससे मुझे लगता है कि इंग्लैंड में बहुत बारिश हुई है। परिस्थितियों के लिहाज से यह शायद न्यूजीलैंड के माहौल के करीब है।' कोविड-19 मामलों के कारण आईपीएल के निलंबित होने के बाद मालदीव से यहां पहुंच कर पृथकवास में समय बिता रहे कमिंस ने कहा, 'हमने देखा है कि दोनों टीमों ने कुछ महीनों से टेस्ट मैच नहीं खेले हैं। ऐसे में यह बराबरी का मुकाबला होगा। कुछ भी हो सकता है।'
इस 28 साल के तेज गेंदबाज ने कहा, 'अगर मुझे कुछ कहना हुआ तो मैं यह कहूंगा कि परिस्थियां भारत के मुकाबले न्यूजीलैंड की टीम को ज्यादा पसंद आएंगी।' कमिंस ने विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में 14 मैचों में सबसे ज्यादा 70 विकेट लिए हैं लेकिन फाइनल के बाद भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन उन्हें पछाड़ सकते हैं। अश्विन ने इस दौरान 13 टेस्ट में 67 विकेट लिए हैं।