सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस 17 अप्रैल को भारत पहुंच सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया में फिटनेस टेस्ट होने के बाद वह आईपीएल 2026 में खेलने के लिए अपनी टीम से जुड़ेंगे। बताया जा रहा है कि कमिंस का बुधवार को फिटनेस टेस्ट होगा और अगर वह इसमें पास हो गए तो सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करने के लिए वापस लौटेंगे।
ईशान संभाल रहे जिम्मेदारी
कमिंस पहले ही कह चुके हैं कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो वह आईपीएल के दूसरे हाफ और प्लेऑफ मुकाबलों में खेलेंगे। वह सीजन की शुरुआत से पहले टीम के साथ जुड़कर नेट्स में नियमित गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाए। उनकी गैरमौजूदगी में ईशान किशन टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं और उनके टीम से जुड़ने तक आगे भी वही नेतृत्व करते रहेंगे।
पिछले साल से पीठ की समस्या से जूझ रहे कमिंस
कमिंस पिछले साल जुलाई से ही पीठ की समस्या से जूझ रहे हैं। दिसंबर में खेले गए एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट को छोड़कर वह ज्यादा प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेल पाए हैं। उन्होंने टी20 विश्व कप में वापसी की उम्मीद जताई थी, लेकिन रिकवरी में आई हल्की परेशानी के कारण बाहर हो गए। उनकी अनुपस्थिति में हैदराबाद के लिए विदेशी तेज गेंदबाज के रूप में ईशान मलिंगा और डेविड पेन खेल रहे हैं। बताया जा रहा है कि कमिंस 17 अप्रैल को हैदराबाद पहुंच सकते हैं। सनराइजर्स का मुकाबला 18 अप्रैल को घरेलू मैदान पर होना है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को राजस्थान रॉयल्स को हराया था। इस मैच में डेब्यू करने वाले प्रफुल्ल हिंगे ने शानदार प्रदर्शन किया था और चार विकेट झटक कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अगर कमिंस समय से टीम से जुड़ गए तो यह सनराइजर्स हैदराबाद के लिए बड़ी राहत की बात होगी। मौजूदा सीजन में सनराइजर्स का प्रदर्शन अभी तक मिलाजुला ही रहा है।