ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में हार के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने फाइनल के फॉर्मेट को लेकर बड़ा बयान दिया है। रोहित ने कहा है कि WTC के अगले संस्करण से चैंपियन का फैसला तीन मैचों की सीरीज यानी बेस्ट ऑफ थ्री से हो। रोहित ने यह भी कहा कि इसे सिर्फ इंग्लैंड में ही नहीं, बल्कि दुनिया के किसी भी हिस्से में आयोजित किया जा सकता है। हालांकि, इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने उन्हें करारा जवाब दिया। कमिंस ने कहा कि हम अब WTC चैंपियनशिप जीत चुके हैं। हमें कितने भी मैचों की सीरीज से कोई दिक्कत नहीं है। ओलंपिक में खिलाड़ियों को फाइनल में गोल्ड मेडल जीतने का सिर्फ एक मौका मिलता है।
रोहित ने तीन मैचों के फाइनल को लेकर क्या कहा?
रोहित ने कहा- मैं विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिए बेस्ट ऑफ थ्री फाइनल को प्राथमिकता दूंगा क्योंकि फाइनल में पहुंचने के लिए दो साल से अधिक की कड़ी मेहनत के बाद तीन टेस्ट में फैसला होना सही होगा। हालांकि, हमें इसके लिए एक विंडो खोजने की जरूरत है। यह सही होगा कि अगले डब्ल्यूटीसी चक्र में फाइनल में तीन टेस्ट हों। डब्ल्यूटीसी फाइनल खेलने के लिए जून एकमात्र महीना नहीं है। यह सिर्फ इंग्लैंड में ही नहीं, दुनिया में कहीं भी खेला जा सकता है।
भारतीय कप्तान ने कहा कि उनकी टीम इस हार से निराश है क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज जीतने से ज्यादा महत्वपूर्ण विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीतना है। उन्होंने कहा- यह निराशाजनक है कि हम ट्रॉफी नहीं जीत सके। टीम निराश है। मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत निराश हूं। भारतीय कप्तान ने कहा कि उनकी टीम अंतिम पारी में 444 और अंतिम दिन 280 रनों का पीछा करने की उम्मीद कर रही थी।
रोहित ने खिलाड़ियों को खुलकर खेलने को कहा था
रोहित शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
रोहित ने कहा- हमने सभी खिलाड़ियों को खुलकर खेलने और विपक्ष को दबाव में लाने के लिए कहा था। हमने दूसरी पारी में निडर क्रिकेट खेलने का फैसला किया और केवल 10 ओवरों में 60 रन बनाए। हम 444 रनों का पीछा करने के लिए आशान्वित थे, लेकिन कुछ खराब शॉट खेलने की वजह से मैच से दूर हो गए। कप्तान ने कहा कि पहले फील्डिंग का फैसला करने के बाद भारत शुरुआती तीन विकेट लेने के बाद अच्छी स्थिति में था।
हालांकि, उसके बाद स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड के बीच 285 रन की साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया। रोहित ने कहा- हमने पहले सत्र के बाद अच्छी गेंदबाजी नहीं की। रोहित ने भारत की रेड-बॉल टीम में बदलाव के संकेत देते हुए कहा- घरेलू क्रिकेट में कई खिलाड़ी अच्छा कर रहे हैं। हमें उन खिलाड़ियों को खोजने और उन्हें टीम में स्थान देने के बारे में सोचना होगा। अब इसी पर हमारा ध्यान होगा।
कमिंस ने रोहित को दिया करारा जवाब
पैट कमिंस
- फोटो : सोशल मीडिया
वहीं, जब ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस से रोहित के तीन मैचों की सीरीज वाले बयान पर जवाब के लिए पूछा गया तो उन्होंने कहा- मुझे लगता है कि ऐसा भी करना ठीक होगा। मुझे कोई दिक्कत नहीं है। मुझे लगता है कि आपके पास 50 मैचों की भी सीरीज हो, लेकिन ओलंपिक गोल्ड मेडल जीतने के लिए बस आपको एक मौका मिलता है। ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल लीग (AFL) और ऑस्ट्रेलियन नेशनल रग्बी (NRL) में भी एक ही फाइनल होता है। यही स्पोर्ट्स है।
कमिंस ने कहा- यहां सिर्फ जीतने का एक मौका मिलता है, लेकिन फाइनल में जगह बनाने के लिए आपको दुनिया में हर जगह जीतना होता है। मुझे लगता है कि यह WTC चक्र 20 टेस्ट मैचों का था। इनमें से हम केवल तीन या चार टेस्ट हारे होंगे, लेकिन 20 मैचों में, पूरे सफर में हमारे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। हम परिस्थितियों से अच्छी तरह से परिचित हुए और यही हमारे टाइटल जीतने को इतना संतोषजनक बनाता है।
मैच में क्या हुआ?
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
- फोटो : सोशल मीडिया
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन बनाए। एक वक्त कंगारुओं ने 76 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने 285 रन की साझेदारी निभाई और भारत की पकड़ से मैच को दूर ले गए। ट्रेविस ने 163 रन और स्मिथ ने 121 रन की पारी खेली। वहीं, एलेक्स कैरी ने 48 रन बनाए। जवाब में भारत की पहली पारी 296 रन पर सिमट गई। एक वक्त टीम इंडिया ने 71 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे और ऐसा लग रहा था कि टीम फॉलोऑन भी नहीं बचा पाएगी। इसके बाद रवींद्र जडेजा ने 48 रन, अजिंक्य रहाणे ने 89 रन और शार्दुल ठाकुर ने 51 रन की पारी खेल भारत को फॉलोऑन से बचाया। ऑस्ट्रेलिया को 173 रन की बढ़त मिली।
रोहित-पुजारा खराब शॉट खेलकर आउट हुए
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
- फोटो : सोशल मीडिया
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट पर 270 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। मार्नस लाबुशेन ने 41 रन, एलेक्स कैरी ने नाबाद 66 रन और मिचेल स्टार्क ने 41 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर 443 रन की बढ़त बनाई और 444 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में रोहित-शुभमन गिल ने टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने 41 रन जोड़े। शुभमन 18 रन बनाकर विवादित कैच आउट का शिकार बने। इसके बाद रोहित और पुजारा ने संभल कर बल्लेबाजी की और 51 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि, लगातार दो ओवर में दोनों के विकेट ने टीम इंडिया को संकट में डाल दिया।
जडेजा-शार्दुल खाता भी नहीं खोल सके
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
- फोटो : सोशल मीडिया
रोहित (43) और पुजारा (27) दोनों खराब शॉट खेलकर आउट हुए। 93 रन तक टीम इंडिया के तीन विकेट गिर गए थे। चौथे दिन इसके बाद विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया और नाबाद पवेलियन लौटे। पांचवें दिन कोहली भी खराब शॉट खेलकर पवेलियन लौट गए। वह 49 रन बनाकर आउट हुए। कोहली और रहाणे ने चौथे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी निभाई। रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर खाता भी नहीं खोल सके। भरत 23 रन, उमेश एक रन और सिराज एक रन बनाकर आउट हुए। रहाणे ने 46 रन की पारी खेली। इस तरह भारत की पूरी पारी 234 रन पर समाप्त हो गई और टीम इंडिया को 209 रन से हार का सामना करना पड़ा।