वनडे विश्व कप 2023 में भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबले से पहले टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर आई है। टखने की चोट से उबर रहे भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के 12 नवंबर को नीदरलैंड के खिलाफ मैच में वापसी कर सकते हैं। 19 अक्टूबर को पुणे में बांग्लादेश के खिलाफ मैच में अपनी ही गेंदबाजी पर फील्डिंग करते समय पांड्या के बाएं टखने में चोट लग गई थी।
वह न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ नहीं खेल पाए और गुरुवार को श्रीलंका और पांच नवंबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैचों में भी नहीं खेल पाएंगे। भारत का अंतिम लीग मैच 12 नवंबर को बेंगलुरु में नीदरलैंड के खिलाफ है। इसमें हार्दिक के खेलने की पूरी संभावना है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, "यह मामूली चोट है। वह अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं और आखिरी लीग मैच के लिए वापसी करने की संभावना है। ऐसी भी संभावना है कि वह सीधे सेमीफाइनल खेलें।"
छह मुकाबलों में छह जीत के साथ भारत सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर चुका है। पांड्या के चोटिल होने के बाद टीम में दो बदलाव हुए हैं। अब भारत छह की बजाय बांच गेंदबाजी विकल्पों और छह बल्लेबाजों के साथ खेल रहा है, जबकि पहले आठवें नंबर तक बल्लेबाज और छह गेंदबाज टीम में थे। उनके स्थान पर टीम में आए सूर्यकुमार यादव छठे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
मोहम्मद शमी के शानदार फॉर्म में होने से प्रबंधन को गेंदबाज पांड्या की कमी नहीं खल रही है लेकिन वह टीम के संतुलन के लिए महत्वपूर्ण बने हुए हैं। इंग्लैंड पर जीत के बाद गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे ने पांड्या की जल्द वापसी पर भरोसा जताया था। पांड्या बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं।
म्हाम्ब्रे ने रविवार को कहा था, "मेडिकल टीम इस पर गौर कर रही है। एनसीए (राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) में हार्दिक टीम के भी संपर्क में है। हम कुछ दिनों में अपडेट मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।" बीसीसीआई की मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार, पांड्या को इंग्लैंड के खिलाफ मैच से पहले लखनऊ में टीम के साथ जुड़ना था, लेकिन वह टीम के साथ नहीं थे।