टीम से बाहर ऑलराउंडर अब्दुल रज्जाक ने राष्ट्रीय टीम के निवर्तमान कोच वकार यूनुस पर पाकिस्तान क्रिकेट को क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया है। अपने पूर्व कप्तान और साथी खिलाड़ी पर आरोप लगाते हुए रज्जाक ने कहा कि दूसरों को दोष देने और नाकामी के बहाने तलाशने की बजाय वकार को समझना चाहिए कि पाकिस्तान क्रिकेट के पतन के लिए वह दोषी है।
उन्होंने कहा कि इसमें कोई छिपी हुई बात नहीं है और मैंने खुद देखा है कि वकार कभी टीम में सीनियर खिलाड़ियों को नहीं चाहता था और ना ही उनकी इज्जत की।
उन्होंने आगे कहा, वकार ने कभी खिलाड़ियों के साथ समान बर्ताव नहीं किया, जिससे टीम में असंतोष पैदा हुआ। वह खिलाड़ियों में असुरक्षा पैदा करने के लिए दोषी है। वह उनमें आत्मविश्वास पैदा नहीं कर सका।
वकार की पसंद नापसंद से टीम में असंतुलन पैदा हुआ। पाकिस्तान यदि वनडे क्रिकेट में सबसे नीचे खिसक गया है तो कौन जिम्मेदार है। वही लोग जो पिछले छह साल से खेल रहे हैं तो वे बोर्ड को क्या सलाह देंगे।