वर्ल्ड कप 2015 का शोर शुरू होने में अभी 17 दिन बाकी है। लेकिन क्रिकेट के इस महायुद्ध के शुरु होने से पहले ही पाकिस्तानी क्रिकेटरों की नींद उड़ गई है। इसके पीछे का कारण्ा आगामी 15 फरवरी को टीम इंडिया के साथ होने वाले मैच का टेंश्ान नहीं है, बल्कि भूत है।
न्यूजीलैंड मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तानी क्रिकेटर जिस होटल में ठहरे हैं, वहां उन्हें भूत का डर सता रहा है। इस वजह से एक क्रिकेटर ने तो कमरा तक बदल दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वर्ल्ड कप 2015 के लिए पाकिस्तानी क्रिकेटर न्यूजीलैंड के एक होटल में ठहरे हैं। एक रात टीम के ऑलराउंडर हैरिस सोहेल को अपने कमरे में किसी सुपर नेचुरल पॉवर का एहसास हुआ, जिसके बाद वह काफी डर गए। किसी तरह उन्होंने होटल में रात काटी और अगले ही दिन मैनेजमेंट से कहकर अपना कमरा बदलवा दिया।
घटना के बाद से सोहेल इतना डरे हुए थे कि गत रविवार को न्यूजीलैंड प्रेजिडेंट इलेवन के साथ हुए मैच में भी उन्होंने हिस्सा नहीं लिया। हालांकि इस मामले में मैनेजमेंट का कहना है कि वह बिल्कुल स्वस्थ है। लेकिन मैनेजमेंट ने सोहेल के कमरा बदलने की बात को स्वीकार किया है।