पाकिस्तान के क्रिकेटर आबिद अली की हार्ट सर्जरी पूरी हो चुकी है। एंजियोप्लास्टी के बाद दूसरी प्रक्रिया भी सफल रही है और अब वो रिकवर कर रहे हैं। उन्हें कैद-ए-आजम ट्रॉफी के एक मैच के दौरान सीने में दर्द हुआ था। इसके बाद अस्पताल ले जाया गया और एंजियोप्लास्टी की गई। डॉक्टरों ने जांच में पाया था कि आबिद को एक्यूट कोरोनरी सिंड्रोम है और उनकी धमनियों में अवरोध है। इसके बाद उनकी सर्जरी की गई है।
पीसीबी ने बताया कि आबिद की सर्जरी की दूसरी प्रक्रिया भी सफल रही और वो रिकवर कर रहे हैं। पीसीबी ने ट्वीट किया "आबिद अली पर अपडेट 1/2: आज आबिद अली दूसरी प्रक्रिया से गुजरे। यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सफल रही, वो रिकवर कर रहे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मेडिकल टीम आगे के इलाज के लिए इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट के साथ संपर्क कर रही है। फिलहाल आबिद की हालत स्थिर है।"
इसके अलावा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि ऐसे समय पर उनके परिवार और उनकी निजता का सम्मान करें। हम उनके जल्द ठीक होने की दुआ करते हैं।
मंगलवार को सेंट्रल पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा के बीच कैद-ए-आजम ट्रॉफी का एक मुकाबला खेला जा रहा था। इस मैच में सेंट्रल पंजाब की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए आबिद ने 61 रन बना लिए थे। लेकिन इसी दौरान उन्होंने सीने और कंधे में दर्द की शिकायत की और इसके बाद टीम मैनेजर उन्हें लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के बाद पीसीबी ने पूरे मामले की जानकारी दी।
दाएं हाथ के 35 वर्षीय बल्लेबाज आबिद टेस्ट और वनडे डेब्यू में शतक लगाने वाले दुनिया के पहले और इकलौते खिलाड़ी हैं। उन्होंने हाल ही में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने 9000 रन पूरे किए थे।