पाकिस्तान की टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के नए चक्र की शुरुआत गत चैंपियन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज से करेगा। पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच अगले महीने सीरीज खेली जाएगी। दिलचस्प बात यह है कि तीन साल से अधिक समय के बाद लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम को टेस्ट मैच की मेजबानी सौंपी गई है। दक्षिण अफ्रीका ने इस साल जून में फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर डब्ल्यूटीसी 2023-25 चक्र का खिताब अपने नाम किया था।
मार्च 2022 के बाद पहली बार लाहौरा में होगा टेस्ट मैच
पाकिस्तान का प्रदर्शन पिछले डब्ल्यूटीसी चक्र में अच्छा नहीं रहा था। पाकिस्तान 14 टेस्ट मैच में से नौ मैच हारकर डब्ल्यूटीसी तालिका में सबसे नीचे रहा जिसमें बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज में 0-2 की हार भी शामिल है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पाकिस्तान की सभी प्रारूप की सीरीज 12 अक्तूबर को गद्दाफी स्टेडियम में पहले टेस्ट मैच के साथ शुरू होगी। यह मार्च 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच के बाद लाहौर में पहला टेस्ट मैच होगा। रावलपिंडी 20 अक्तूबर से दूसरे टेस्ट मैच और 28 अक्तूबर को तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले मैच की मेजबानी करेगा। बाकी दो टी20 मुकाबले 31 अक्तूबर और एक नवंबर को लाहौर में खेले जाएंगे।
तीन वनडे मैच चार से आठ नवंबर तक फैसलाबाद में खेले जाएंगे और इस दौरान इकबाल स्टेडियम 17 साल में पहली बार अंतरराष्ट्रीय मैच का आयोजन करेगा। मई में फैसलाबाद में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दो टी20 मैच होने वाले थे लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण वे मैच रद्द कर दिए गए थे।
अफगानिस्तान और श्रीलंका की त्रिकोणीय टी20 सीरीज में मेंजबानी करेगा पाकिस्तान
पाकिस्तान नवंबर में अपनी पहली टी20 त्रिकोणीय सीरीज की मेजबानी करेगा जिसमें अफगानिस्तान और श्रीलंका भी हिस्सा लेंगे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के मुख्य परिचालन अधिकारी सुमैर अहमद सैयद ने रविवार को बयान में कहा, 'हम पाकिस्तान की पहली टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला में श्रीलंका और अफगानिस्तान की मेजबानी करने के लिए उत्सुक हैं। यह प्रतियोगिता ना केवल अगले साल के आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप की तैयारी के लिए बेहतरीन मौका देगी बल्कि प्रशंसकों को अलग-अलग जगहों पर रोमांचक क्रिकेट भी देखने को मिलेगा।'
तीनों टीम एक-दूसरे से दो बार खेलेंगी जिसके बाद शीर्ष दो टीम 29 नवंबर को लाहौर में फाइनल खेलेंगी। त्रिकोणीय सीरीज की शुरुआत 17 नवंबर को रावलपिंडी में होगी जब पाकिस्तान का सामना अफगानिस्तान से होगा। रावलपिंडी के लाहौर में भी सीरीज के मुकाबले होंगे। अफगानिस्तान पहली बार पाकिस्तान में टी20 मैच खेलेगा।
त्रिकोणीय टी20 सीरीज का कार्यक्रम
17 नवंबर: पाकिस्तान बनाम अफगानिस्तान, रावलपिंडी
18 नवंबर: श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान, रावलपिंडी
22 नवंबर: पाकिस्तान बनाम श्रीलंका, लाहौर
23 नवंबर: पाकिस्तान बनाम अफगानिस्तान, लाहौर
25 नवंबर: श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान, लाहौर
27 नवंबर: पाकिस्तान बनाम श्रीलंका, लाहौर
29 नवंबर: फाइनल, लाहौर