पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने टी-20 वर्ल्ड चैंपियन वेस्टइंडीज को सूपड़ा साफ कर दिया है। पाकिस्तान ने 3 मैचों की टी-20 सीरीज 3-0 से जीतकर अपने नाम कर ली। सीरीज के पिछले दो मैचों की तरह यह मुकाबला भी लो स्कोरिंग रहा।
आबूधाबी में खेले गए तीसरे और आखिरी मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 103 रन ही बना सकी। बेहद कसी हुई पाक गेंदबाजी के आगे कैरेबियाई के विस्फोटक बल्लेबाज भी रन नहीं बना सके जिस कारण बड़ा स्कोर नहीं खड़ा हो सका। वेस्टइंडीज के लिए मार्लोन सैमुअल्स ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। वर्ल्ड चैंपियन टीम अपनी पारी में सिर्फ 1 छक्का और 6 चौके जड़ सकी।
पाकिस्तान के गेंदबाजों ने इस मैच में काफी कंजूसी दिखाई। किसी भी गेंदबाज ने 6 से ज्यादा की औसत से रन नहीं दिए। पाकिस्तान के लिए इमाद वसीम 3 और मोहम्मद नवाज ने 1 विकेट लिया। फिरकी गेंदबाज इमाद ने पूरी सीरीज में काफी किफायती गेंदबाजी की है।