पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच शुक्रवार को तीन वन-डे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया। करांची के राष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को जोरदार बारिश के चलते बिना एक गेंद फेंके ही रद्द करना पड़ा। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला रविवार को होगा।
अपने देश में इंटरनेशनल क्रिकेट को वापस लाने की मुहिम में लगे पाकिस्तान को इस सीरीज का बेसब्री से इंतजार था, लेकिन पहले ही मैच पर बारिश ने पानी फेर दिया। गौरतलब है कि साल 2009 में लाहौर में श्रीलंका की टीम पर आतंकियों ने हमला कर दिया था। इसके बाद से दुनिया भर की टीमों ने पाकिस्तान में खेलने से इनकार कर दिया।
इस आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को अपने 'घरेलू' टेस्ट और सीमित ओवरों के ज्यादातर मैच यूएई में खेलने पड़े। इस आतंकी हमले के बाद साल 2015 में जिम्बाब्वे ऐसी पहली टीम बनी थी, जिसने पाकिस्तान जाकर क्रिकेट खेला।
इसके बाद साल 2017 में वर्ल्ड XI की टीम ने यहां आकर टी-20 सीरीज खेली और इसी साल श्रीलंका की टीम ने टी-20 सीरीज का अपना अंतिम मैच यहां आकर खेला था। पिछले साल (2018) वेस्टइंडीज की टीम ने भी पाकिस्तान आकर टी-20 सीरीज खेली थी।
लेकिन 10 साल पहल हुए उस आतंकी हमले के बाद पहली बार कोई टीम पाकिस्तान में दो सीरीज (वनडे और टी20) का दौरा कर रही है। अपने वर्तमान दौरे पर श्रीलंका की टीम यहां 3 वनडे और 3 टी-20 मैच की सीरीज खेलेगी। हालांकि श्रीलंकाई टीम के 10 प्रमुख खिलाड़ियों ने सुरक्षा के चलते इस दौरे से पहले ही अपने नाम वापस ले लिए थे।