करीब एक साल बाद एक बार फिर वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होने जा रही है। पिछली बार दोनों कट्टर प्रतिद्वंद्वी की भिड़ंत वनडे वर्ल्ड कप में हुई थी और अब टी-20 के महाकुंभ में होने जा रही है। हर बार की तरह पिछली बार भी टीम इंडिया ने पाक को वर्ल्ड कप में धूल चटाई थी।
अपने घर में टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को शुरुआती मैच में हार का सामना करना पड़ा है जिस कारण उस पर इस अगले बड़े मैच पर खासा दवाब भी है। भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर मानते हैं कि शनिवार को ईडन गार्डंस में होने वाले मुकाबले में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की टीम का पलड़ा भारी है।
गावस्कर ने कहा कि इस बहुप्रतिक्षीत मुकाबले में एक बार फिर भारतीय बल्लेबाजी बनाम पाक गेंदबाजी के बीच जंग देखने को मिल सकती है। उन्होंने कहा, "यह अभी भी शानदार है कि भारतीय बल्लेबाजी और पाक गेंदबाजी के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने हाल में शानदार खेल दिखाया है और विपक्षी टीम के लिए उनका सामना करना आसान नहीं होगा। आर अश्विन अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं और आशीष नेहरा ने गजब की वापसी की है। और जसप्रीत बुमराह तो है ही। इस लिहाज पाक बल्लेबाजों की भी परीक्षा होगी।"
भारतीय टीम को सुझाव देते हुए गावस्कर ने कहा कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने एशिया कप में भारत के खिलाफ शानदार गेंदबाजी कर उसे खूब परेशान किया था। और इस बार भी वह टीम के लिए खतरा बन सकते हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि भारतीय बल्लेबाजों ने उनका सामना करने की रणनीति बना ली होगी।
उन्होंने कहा, "रोहित शर्मा और अन्य बल्लेबाज कई बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों को खेल चुके हैं। आमिर के पास गेंद को स्विंग कराने की क्षमता है। एशिया कप में उन्होंने रोहित और अंजिक्य रहाणे के खिलाफ यह स्विंग हासिल की थी। इस लिहाज से उन्हें शुरुआती ओवर्स में उनकी गेंदबाजी को लेकर सतर्क होना पड़ेगा।"