भारत के साथ क्रिकेट संबंधों को पूरी तरह बहाल करने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) लचीला रुख अपनाने को तैयार है। पीसीबी भारत के साथ घरेलू सीरीज किसी न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने के लिए बीसीसीआई को मनाएगा। अगर बात नहीं बनी तो पीसीबी अपनी घरेलू सीरीज भारत में ही खेलने का प्रस्ताव बीसीसीआई के आगे रख सकता है। यह खुलासा आगामी सीरीज के वेन्यूज की तैयारियों का जायजा लेने आई पीसीबी टीम के सदस्य और पाकिस्तान बोर्ड के प्रवक्ता नदीम सरवर ने अमर उजाला से किया है।
सरवर का कहना है कि आगामी सीरीज को लेकर पाकिस्तान में बेहद उत्साह है। यह सिलसिला यहीं बंद न हो जाए इसके लिए पीसीबी बीसीसीआई से बात आगे बढ़ाएगा। आगामी दौरे के दौरान पीसीबी के अधिकारी बीसीसीआई से अपनी घरेलू सीरीज को लेकर बात कर सकते हैं। सरवर यहां तक कहते हैं कि भारत को पाकिस्तान आने का निमंत्रण भी दिया जाएगा। बात नहीं बनी तो न्यूट्रल वेन्यू का विकल्प भी रखा जाएगा।
यहां भी बीसीसीआई नहीं मानता है तो फिर भारत में ही खेलने की बात भी रखी जा सकती है। सरवर का कहना है कि एक बार दोनों देशों के बीच पहले की तरह क्रिकेट के संबंध बहाल हो गए तो आईपीएल बड़ा मसला नहीं रह जाएगा। संबंधों की पुख्ता बहाली के बाद ही आईपीएल में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के खेलने का रास्ता साफ होगा। यही कारण है कि पीसीबी की यही कोशिश है कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट सीरीज बदस्तूर शुरू कराई जाएं।
यही नहीं पीसीबी टीम ने भारत में होने वाले मैचों के वेन्यूज के दौरे में कहीं कोई खामी नहीं पाई है। सरवर का कहना है कि वेन्यूज इतने अच्छे हैं और यहां इतने बड़े मुकाबले होते रहते हैं, जिससे सुरक्षा उन्हें कोई बड़ा मुद्दा नहीं लगता है। चेन्नई में उन्होंने बीसीसीआई अध्यक्ष श्रीनिवासन से मुलाकात कर पीसीबी अध्यक्ष जाका अशरफ की शुभकामनाएं उन्हें दीं। सरवर ने बताया कि दिल्ली में सौ और बाकी वेन्यूज पर 50-50 वीआईपीज पाकिस्तान से आएंगे। जबकि दिल्ली में एक हजार और बाकी वेन्यूज पर 500-500 पाकिस्तानी दर्शकों को वीजा दिया जा रहा है।