भारत से 0-4 की शर्मनाक हार झेलने के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम इंग्लैंड में आगामी एशेज सीरीज में किसी भी तरह की शर्मिंदगी से बचने के लिए पाकिस्तान के शरणार्थी लेग स्पिनर फवाद अहमद को ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता दिलाने की पुरजोर कोशिश कर रही है।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड (सीए) फवाद को टीम में शामिल करने को लेकर इस कदर उत्साहित है कि बोर्ड ने आव्रजन मंत्री ब्रेंडन ओ कोनोर को पत्र लिखकर जल्द से जल्द उसे ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता देने की अपील कर दी है ताकि जुलाई में इंग्लैंड में शुरू हो रही एशेज सीरीज से पहले फवाद चयन के लिए उपलब्ध हो सकें।
पाक मूल के फवाद के खेल को देखने वाले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों ने तो उसकी तुलना दुनिया के महान स्पिनर शेन वार्न से कर डाली है।
फवाद ने 2005 में पाकिस्तान के एबटाबाद में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कदम रखा था और अब तक उन्होंने 32.20 के औसत से 39 विकेट अपने नाम किए हैं।
इस बीच फवाद की गेंदबाजी से खुश पूर्व ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर स्टुअर्ट मैकगिल ने कहा है कि फवाद भारत के अनिल कुंबले की तरह गेंदबाजी करता है जो गेंद को स्पिन कराने में उस्ताद माने जाते थे।
पूर्व टेस्ट बल्लेबाज डेमियन मार्टिन फवाद की गेंदों का सामना कर चुके हैं और उनका मानना है कि फवाद महान शेन वार्न के बाद उन्हें सर्वश्रेष्ठ ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर दिखाई देते हैं। वह निश्चित तौर पर एशेज की टीम में स्थान पाने के हकदार हैं।
ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता इस बार हर हाल में एशेज जीतना चाहते हैं और उन्हें अपने लिए उम्मीद की किरण फवाद दिखाई दे रहे हैं जो ऑस्ट्रेलिया में शरण दिए जाने के आठ महीने बाद ही ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में जगह बना सकते हैं।