खराब फॉर्म से गुजर रहे पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) पर पक्षपात का आरोप लगाया है। हसन ने बल्लेबाज सईम अयूब का लंदन में इलाज कराने पर पीसीबी पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि किसी अन्य खिलाड़ी के लिए यह सुविधा क्यों उपलब्ध नहीं है। हसन ने उन दिनों को भी याद किया जब उन्हें कई बार चोटिल होने के कारण लंबे समय तक मैदान से बाहर रहना पड़ा था और उस वक्त पीसीबी ने उनकी मदद नहीं की थी।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए थे चोटिल
सईम पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका दौरे पर चोटिल होने के बाद से मैदान से बाहर चल रहे हैं और वह चैंपियंस ट्रॉफी का भी हिस्सा नहीं हैं। उनके टखने में चोट लगी है और वह फिलहाल लंदन में रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। हसन ने हालांकि सईम के जल्द मैदान पर लौटने की उम्मीद जताई, लेकिन साथ ही कहा कि अगर वह दोबारा चोटिल हुए तो उन्हें इस तरह की सुविधा नहीं मिलेगी।
हसन ने वीवीआई सुविधा देने पर लगाई लताड़
हसन ने एक कार्यक्रम में कहा, सईम अयूब चोटिल हैं, वह आपकी टीम का हिस्सा है। क्या मैं 2020 में आपकी टीम का हिस्सा नहीं था? अगर कोई अन्य सदस्य चोटिल होता है तो वह टीम का हिस्सा नहीं होता? क्या वह भारत के लिए खेलता है? आपने सईय अयूब को वीवीआईपी सुविधा दी है, अगर कोई अन्य खिलाड़ी भविष्य में चोटिल होता है तो उसे भी इसी तरह का इलाज मिलेगा। नहीं, आप ऐसा नहीं करेंगे। ऊपर वाले से प्राथर्ना है कि वह स्वस्थ और फिट रहे और पाकिस्तान को ज्यादा से ज्यादा मैच जिताए, लेकिन सबकी फॉर्म हमेशा एक जैसी नहीं होती। अगर सईम दोबारा चोटिल होते हैं तो क्या पीसीबी इसी तरह का व्यवहार करेगा? नहीं, वे ऐसा नहीं करेंगे।
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने अयूब की सराहना की थी और उन्हें प्रतिभाशाली खिलाड़ी बताया था। पोंटिंग ने कहा था, सईम अयूब उच्च गुणवत्ता वाला खिलाड़ी है और उनकी जगह भरना मुश्किल है।