पाकिस्तान को अगले साल शुरू होने वाली विश्व क्लब टी20 चैंपियनशिप से बाहर रखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की विजेता टीम को इस टूर्नामेंट के लिए आमंत्रित किए जाने की संभावना नहीं है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह विश्व क्लब टी20 चैंपियनशिप के आयोजन की तैयारियों में लगे हैं।
सूत्र ने कहा, 'पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पिछले महीने लंदन में क्रिकेट कनेक्ट मीटिंग के दौरान आयोजित बैठक में पीएसएल के अपने सीईओ को भेजने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन कोई नहीं आया।' उन्होंने कहा कि आईसीसी के समर्थन से इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड की पहल पर आयोजित बैठक में अधिकांश प्रमुख टी20 फ्रेंचाइजी आधारित लीगों के सीईओ एकत्रित हुए।
उन्होंने पुष्टि की, 'प्रस्तावित विश्व क्लब चैंपियनशिप, इसकी विंडो, प्रारूप, शेड्यूल आदि पर चर्चा हुई। एमिरेट्स लीग, बिग बैश लीग, द हंड्रेड, एसए20, एमएलसी, कैरेबियन प्रीमियर लीग आदि के सीईओ बैठक में शामिल हुए। पाकिस्तान को भी आमंत्रित किया गया था।' सूत्र ने बताया कि शुरुआत में विश्व क्लब प्रतियोगिता में इंडियन प्रीमियर लीग की किसी भी टीम के बिना पांच टीमें भाग लेंगी। सूत्र ने आगे कहा- 'नियोजित आयोजन को भारतीय बोर्ड का समर्थन प्राप्त है, लेकिन उद्घाटन चैंपियनशिप के लिए आईपीएल की भागीदारी नहीं होगी।'
उन्होंने बताया कि पीसीबी इस बैठक में शामिल नहीं हुआ और अजीब बात यह है कि चेयरमैन मोहसिन नकवी भी नियमित रूप से आईसीसी की बैठकों में शामिल नहीं हुए हैं।