दरअसल, क्वेटा में रविवार को पाकिस्तान सुपर लीग का एक प्रदर्शनी मैच खेला गया, जिसमें बाबर आजम और शाहिद अफरीदी समेत कई स्टार खिलाड़ी मौजूद थे। यह मैच पेशावर जल्मी और क्वेटा ग्लैडिएटर्स के बीच खेला गया। मैच को विस्फोट के बाद कुछ देर के लिए रोका भी गया था। हालांकि, कुछ देर बाद इसे शुरू किया गया।
इफ्तिखार अहमद
क्वेटा ग्लैडिएटर्स से खेल रहे इफ्तिखार ने पारी के 20वें ओवर में वहाब रियाज के ओवर में छह छक्के जड़ दिए। इससे पहले तक वहाब ने तीन ओवर में 11 रन देकर तीन विकेट लिए थे, लेकिन एक ओवर में छह छक्के खाने के बाद वहाब का बॉलिंग फिगर चार ओवर में 47 रन देकर तीन विकेट रहा।
इफ्तिखार ने 50 गेंदों में 94 रन की नाबाद पारी खेली। उनकी पारी की बदौलत क्वेटा ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 184 रन बनाए। इसके अलावा खुशदिल शाह ने 24 गेंदों पर 36 रन और अब्दुल वाहिद बंगालजई ने 19 गेंदों पर 28 रन बनाए। जवाब में बाबर की कप्तानी पेशावर जल्मी तीन रन से मैच हार गई। पेशावर 181 रन ही बना पाई। बाबर ने 23 रन की पारी खेली। पाकिस्तान क्रिकेट ने इफ्तिखार के छह छक्कों का वीडियो भी शेयर किया है।
वहाब रियाज
अशांत बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में खेल गतिविधियां खराब सुरक्षा स्थिति और आतंकी हमलों के लगातार खतरे के कारण पिछले कई वर्षों से ठप पड़ी हैं। इस प्रदर्शनी मैच का आयोजन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा बलूच प्रशंसकों के दबाव के बाद किया गया था, ताकि क्वेटा को भी पीएसएल स्थल का दर्जा मिल जाए। हालांकि, मैच के दौरान ही कुछ दूरी पर विस्फोट हुआ था। प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी ली थी।
इफ्तिखार से पहले नौ पुरुष खिलाड़ियों ने लगातार छह गेंदों पर छह छक्कों का रिकॉर्ड बनाया है। इनमें गैरी सोबर्स और रवि शास्त्री ने घरेलू क्रिकेट में ऐसा किया था। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ओपनर हर्शल गिब्स अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी थे। इसके बाद युवराज सिंह, रॉस व्हीटेली, हजरतुल्लाह जजई, लियो कार्टर, कीरोन पोलार्ड और थिसारा परेरा ऐसा कर चुके हैं।