पाकिस्तान क्रिकेट टीम को मंगलवार (एक फरवरी) को बड़ा झटका लगा। टीम के मुख्य तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से ठीक पहले कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। अब उनका रावलपिंडी में होने वाले पहले टेस्ट मैच में खेलना संदिग्ध हो गया है। ऑस्ट्रेलिया की टीम 24 साल बाद पाकिस्तान के दौरे पर गई है। वहां उसे तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के अलावा तीन वनडे और एक टी20 मैच भी खेलने हैं।
टेस्ट सीरीज की शुरुआत चार मार्च को होगा। आठ मार्च तक चलने वाला यह मुकाबला रावलपिंडी में खेला जाएगा। इसके बाद 12 से 16 मार्च तक दूसरा मुकाबला कराची और 21 से 25 मार्च तक तीसरा और आखिरी टेस्ट लाहौर में खेला जाएगा। वनडे सीरीज की शुरुआत 29 मार्च को होगी। इसके बाद दो और मुकाबले 31 मार्च और दो अप्रैल को खेले जाएंगे। पांच अप्रैल को एकमात्र टी20 मैच होगा। वनडे और टी20 सीरीज का आयोजन रावलपिंडी में होगा।
हारिस रऊफ को आइसोलेट कर दिया गया है। वे पहले टेस्ट में डेब्यू कर सकते थे। दरअसल, पाकिस्तानी टीम ने सिर्फ तेज गेंदबाजों को टीम में रखा था। हारिस के अलावा हसन अली और शाहीन शाह अफरीदी टीम में हैं। ऐसे में हारिस को डेब्यू करने का मौका मिल सकता था। पाकिस्तानी टीम के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हारिस कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। वे अभी आइसोलेट हैं। टेस्ट मैच तीन दिन में शुरू होना है ऐसे में पूरी संभावना है कि वह चार मार्च से शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिये उपलब्ध नहीं हो पाएंगे।’’
हारिस पाकिस्तान के लिए आठ वनडे मैचों के साथ-साथ 34 टी20 मैच भी खेल चुके हैं। वनडे में हारिस ने 14 और टी20 में 41 विकेट लिए हैं। हारिस रऊफ ने पाकिस्तान सुपर लीग में लाहौर कलंदर्स की ओर से हिस्सा लिया था। उन्होंने इस सीजन में 13 मैचों में 16 विकेट लिए थे।
टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तानी टीम: बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्लाह शफीक, अजहर अली, फवाद आलम, इमाम-उल-हक, सऊद शकील, शान मसूद, फहीम अशरफ, नुमान अली, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), हारिस रऊफ, हसन अली, साजिद खान, शाहीन शाह अफरीदी, जाहिद महमूद।