पाकिस्तान के क्रिकेटर कामरान अकमल के साथ एक अजीबोगरीब घटना घटी। ईद उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर कुर्बानी के लिए खरीदा गया उनका बकरा चोरी हो गया। बकरीद से दो दिन पहले ही उनका बकरा गायब हो गया। इस साल बकरीद रविवार (10 जुलाई) को मनाई जानी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अकमल के घरवालों ने छह बकरों को कुर्बानी के लिए एक दिन पहले ही लाया था। लाहौर स्थित अपने निजी हाउसिंग सोसाइटी के बाहर अकमल ने उन बकरों को बंधवाया था। बकरों की रखवाली के लिए उन्होंने एक नौकर भी लगाया था। कहा जा रहा है कि चोरी की घटना तड़के तीन बजे के करीब हुई। उस समय पहरेदारी करने वाला नौकर सो रहा था।
कामरान अकमल के पिता मोहम्मद अकमल के मुताबिक, चोरी हुआ बकरा छह बकरों में सबसे बेहतरीन था। उसकी कीमत 90 हजार रुपये थी अकमल के परिवार को इस बात का आश्वासन दिया गया है कि उस बकरे को बरामद कर लिया जाएगा। हाउसिंग सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड दोषियों को जल्द ही पकड़ लेंगे।
अकमल के करियर की बात करें तो उन्होंने अपना पिछला अंतरराष्ट्रीय मैच 2017 में खेला था। उसके बाद से वह राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे हैं। अकमल ने पाकिस्तान के लिए 53 टेस्ट मैच में 2648 रन बनाए हैं। 157 वनडे में उनके नाम 3236 रन हैं। टी20 में अकमल ने 58 मैच खेले। इस दौरान 987 रन बनाए। अकमल के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11 शतक हैं। उन्होंने छह शतक टेस्ट और पांच शतक वनडे में लगाए हैं।