श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच अगले साल टी20 विश्व कप से तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की चयन समिति इस सीरीज के लिए टीम में नए चेहरे को शामिल कर सकती है। दोनों टीमों के बीच यह सीरीज सात से 11 जनवरी तक खेली जानी है। टी20 विश्व कप की शुरुआत सात फरवरी से हो रही है, ऐसे में यह सीरीज काफी अहम है।
पीसीबी ने छह खिलाड़ियों को दिया है एनओसी
पीसीबी इसलिए टीम में नए चेहरों को जगह दे सकता क्योंकि पीसीबी ने ऑस्ट्रेलिया में 14 दिसंबर से जनवरी तक चलने वाली बिग बैश लीग में खेलने के लिए छह मुख्य खिलाड़ियों को एनओसी जारी कर रखी है। इसके बाद ही उसने श्रीलंका दौरे का कार्यक्रम बनाया। यह पहला अवसर है जब पाकिस्तान के इतने खिलाड़ी बीबीएल में खेलेंगे। इन खिलाड़ियों में बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी, मोहम्मद रिजवान, हसन अली, हारिस रऊफ और शादाब खान शामिल हैं। रिजवान को छोड़कर अन्य सभी खिलाड़ी टी20 में पाकिस्तान की टीम के लिए खेल रहे हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीमों को पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अनुबंधित करने की अनुमति देने से पहले यह स्पष्ट कर दिया था कि वे पूरे सत्र के लिए उपलब्ध रहेंगे।
एक विश्वसनीय सूत्र ने कहा, 'क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और पीसीबी के बीच यह सहमति थी कि दिसंबर में पाकिस्तान को कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलना है और जनवरी के अंतिम सप्ताह तक खिलाड़ी पूरे बिग बैश टूर्नामेंट में खेल सकते हैं। लेकिन अब स्थिति बदल गई है।' पीसीबी ने फखर जमां, हसन नवाज और नसीम शाह को भी एमिरेट्स लीग में खेलने की अनुमति दे दी है, लेकिन यह टूर्नामेंट श्रीलंका में होने वाली सीरीज से पहले समाप्त हो जाएगा।