पीसीबी मेडिकल एडवाइजरी कमेटी की देखरेख में अपने रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम से गुजरने के बाद शाहीन टी20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए पाकिस्तान टीम में शामिल होंगे। वह इंग्लैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ क्रमश: 17 और 19 अक्तूबर को होने वाले अभ्यास मैचों के लिए चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
शाहीन अफरीदी और नसीम शाह
- फोटो : सोशल मीडिया
शाहीन ने कहा- मैं टी20 विश्व कप के लिए राष्ट्रीय टीम में शामिल होने और अभियान में अपनी भूमिका निभाने की संभावना से बहुत उत्साहित हूं। जिस टीम से मैं प्यार करता हूं, उससे दूर रहना मेरे लिए एक मुश्किल दौर रहा है। कुछ मजेदार मैचों का हिस्सा नहीं बन पाने से भी मैं दुखी हूं। मैं पिछले 10 दिनों से पूरे रन-अप और गति के साथ छह से आठ ओवरों की गेंदबाजी कर रहा हूं। मैंने नेट्स में गेंदबाजी और बल्लेबाजी का आनंद लिया है। हालांकि, कुछ भी वास्तविक मैच की जगह नहीं ले सकता। मैं उस सेटिंग में शामिल होने का इंतजार नहीं कर पा रहा हूं।
शाहीन की मैच फिटनेस का आंकलन टीम प्रबंधन दो अभ्यास मैचों के दौरान करेगा। शाहीन अफरीदी दाहिने घुटने के लिगामेंट में चोट लगने के बाद रिहैबिलिटेशन पूरा करने के लिए लंदन गए थे। इस कारण वह एशिया कप से बाहर हो गए थे। शाहीन ने कहा- यह एक चुनौतीपूर्ण रिहैब कार्यक्रम रहा है, लेकिन मैंने इसका पूरा आनंद लिया है। सच कहूं तो मैं पहले से कहीं ज्यादा फिट महसूस कर रहा हूं और प्लेइंग किट पहनने का इंतजार नहीं कर पा रहा हूं।
पाकिस्तान टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान 23 अक्तूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में भारत के खिलाफ अपने टी20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करेगा। भारत और पाकिस्तान को सुपर-12 राउंड के ग्रुप-2 में रखा गया है। इसमें इन दोनों टीमों के अलावा बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, ग्रुप-बी की विनर टीम और ग्रुप-ए की रनर अप टीमें होंगी। वहीं, सुपर-12 राउंड के ग्रुप-1 में अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ग्रुप-ए की विनर टीम और ग्रुप-बी की रनर अप टीमें होंगी। सुपर-12 राउंड के लिए चार टीमों का फैसला 16 अक्तूबर से शुरू हो रहे क्वालिफाइंग राउंड से होगा।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान की टीम
बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उपकप्तान), आसिफ अली, हैदर अली, हारिस रऊफ, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, शाहीन अफरीदी, शान मसूद, उस्मान कादिर।
स्टैंडबाय: फखर जमान, मोहम्मद हारिस, शहनवाज दहानी।