पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के पहले मैच में बाबर आजम ने शानदार शतक लगाया और अपनी टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 107 गेंदों में 103 रन की कप्तानी पारी खेली और अपनी टीम की जीत की नींव रखी। यह उनके वनडे करियर का 17वां शतक था और इस शतक के साथ उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। बल्ले से कमाल करने के बाद बाबर आजम ने अपनी बात से भी सभी का दिल जीत लिया। अब मैच के बाद अवॉर्ड सेरेमनी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और चारो तरफ उनकी तारीफ हो रही है।
मैच के बाद बाबर आजम को उनकी शतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया था, लेकिन उन्होंने यह अवॉर्ड खुशदिल शाह को दे दिया। इसके बाद बाबर आजम की खासी तारीफ हो रही है। अवॉर्ड प्रजेंटेटर ने मैन ऑफ द मैच चुने गए बाबर आजम को गेंद में हस्ताक्षर करने को कहा था, लेकिन वो गेंद की बजाय माइक के पास पहुंच गए। इस पर प्रेंजेटेटर ने कहा कि आपको गेंद में हस्ताक्षर करना है। इसके बाद बाबर ने बताया कि वो अपना मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड खुशदिल शाह को देना चाहते हैं। उनका यह वीडियो लोगों को बहुत पसंद आ रहा है।
खुशदिल को क्यों दिया मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड
बाबर आजम ने इस मैच में शतक लगाकर पाकिस्तान की जीत की नींव रखी थी, लेकिन अंत में तूफानी बल्लेबाजी कर अपनी टीम को जीत दिलाने का काम खुशदिल शाह ने किया था। उन्होंने सिर्फ 41 रन बनाए थे, लेकिन उनकी यह पारी मैच में किसी शतक से कम जरूरी नहीं थी। खुशदिल ने सिर्फ 23 गेंद में चार छक्के और एक चौका लगाकर अपनी टीम को जीत के पार पहुंचाया था। टीम की जीत में उनका योगदान सबसे ज्यादा था। इसी वजह से बाबर आजम ने खुशदिल को यह अवॉर्ड दिया।
पाकिस्तान ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई
इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत कुछ खास नहीं थी। नौ रन के स्कोर पर टीम का पहला विकेट गिर गया था। इसके बाद शाई होप और शमराह ब्रूक्स ने मिलकर पारी संभाली और 154 रन की साझेदारी कर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। ब्रूक्स ने 70 और शाई होप ने 127 रन बनाए। इसके बाद कप्तान पूरन ने 21 रोवमन पॉवेल ने 32 और रोमारियों शेफर्ड ने 25 रन की उपयोगी पारियां खेलकर अपनी टीम का स्कोर 305 तक पहुंचाया। पाकिस्तान के लिए हरीस रऊफ ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। शाहीन अफरीदी के नाम दो, मोहम्मद नवाज और शादाब खान के नाम एक-एक विकेट रहा।
306 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी बहुत अच्छी नहीं थी। 26 रन के स्कोर पर टीम का पहला विकेट गिरा। इसके बाद इमाम उल हक और कप्तान बाबर ने दूसरे विकेट के लिए 103 रन जोड़े और अपनी टीम के लिए मैच बना दिया। इमाम 65 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन बाबर जमे रहे और 103 रन की पारी खेलकर वापस लौटे। यह उनके वनडे करियर का 17वां शतक था। उन्होंने विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान के साथ भी 108 रन की साझेदारी की। रिजवान ने 59 रन बनाए। अंत में खुशदिल शाह ने 23 गेंद पर 41 रन बनाकर अपनी टीम को जीत के पार पहुंचाया। वेस्टइंडीज के लिए अल्जारी जोसेप ने दो विकेट लिए।
इस जीत के साथ ही पाकिस्तान तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से आगे हो चुका है।