बांग्लादेश में हुई ट्राई नेशन सीरीज के फाइनल में पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने भारत को हरा दिया और सीरीज अपने नाम कर ली। पाकिस्तान ने फाइनल में भारत पर 62 रनों की शानदार जीत दर्ज की।
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 174 रन की पारी खेली। कप्तान निसार अली ने 69 रनों की शानदार नाबाद पारी खेली, जबकि जफर इकबाल ने 48 रन बनाकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति पर ला खड़ा किया।
इकबाल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर सबका दिल जीता, उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में 48 रन बनाए लेकिन नौवें ओवर में रन आउट होने के बाद दुर्भाग्यवश अपने अर्धशतक से चूक गए। वहीं भारत की तरफ से अजय कुमार रेड्डी ने गेंद के साथ शानदार प्रदर्शन दिया। उन्होंने अपने तीन ओवरों में 26 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी, भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज वेंकटेश्वर राव और पंकज भू ने अच्छी शुरुआत की और स्कोरबोर्ड पर रन आते रहे। लेकिन सातवें ओवर में भू को साजिद नवाज ने आउट कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद भारतीय टीम लड़खड़ा गई। भारत के नियमित विकेट गिरते रहे और टीम पर दबाव बनना शुरू हो गया क्योंकि वे एक विशाल लक्ष्य का पीछा कर रहे थे। भारत की तरफ से सुनील रमेश ने 39 रन की पारी खेली तो पंकज भू ने 23 रन की पारी खेली। भारत ने 15 ओवर में सात विकेट खोकर मात्र 112 रन बनाए।