पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में कैरिबियाई टीम को 53 रन से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही पाकिस्तान ने यह सीरीज भी 3-0 के अंतर से अपने नाम कर ली। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 48 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 269 रन बनाए थे। रेतीले तूफान की वजह से मैच बीच में रोकना पड़ा था और अंपायर ने दो ओवर कम करके यह मैच 48 ओवर का कर दिया था। 270 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम सिर्फ 37.2 ओवर में 216 रन पर सिमट गई और यह मैच 53 रन के अंतर से हार गई।
वेस्टइंडीज के लिए इस मैच में निकोलस पूरन ने शानदार गेंदबाजी की, लेकिन उनके अलावा बाकी गेंदबाज कुछ खास नहीं कर पाए और पाकिस्तान ने 269 रन का बड़ा स्कोर बना लिया। पूरन आमतौर पर विकेटकीपिंग करते हैं, लेकिन इस मैच में उन्होंने पहली बार ऑफ स्पिन गेंदबाजी की और चार विकेट निकाले। इसके बावजूद पूरन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।
पाकिस्तान की शानदार शुरुआत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम ने इस मैच में शानदार शुरुआत की। फखर जमान और इमाम उल हक की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 85 रन जोड़े। फखर 35 रन बनाकर पूरन का शिकार बने। इसके बाद कप्तान बाबर आजम एक रन बनाकर हेडन वॉल्स की गेंद पर आउट हो गए। रिजवान और मोहम्मद हैरिस भी सस्ते में पवेलियन लौटे, लेकिन इमाम उल हक ने 62 रन की बेहतरीन पारी खेली। 117 रन के स्कोर पर पाकिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। इसके बाद शादाब खान ने खुशदिल शाह के साथ मिलकर पारी संभाली और 84 रन की साझेदारी कर अपनी टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया। खुशदिल ने 34 और शादाब ने 86 रन बनाए।
रेतीले तूफान की वजह से मैच को बीच में रोकना पड़ा और समय बर्बाद होने की वजह से अंपायरों ने दोनों पारियों में दो ओवर की कटौती की। अंत में पाकिस्तान ने 48 ओवर में नौ विकेट खोकर 269 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए कप्तान पूरन ने चार और कीमो पॉल ने दो विकेट लिए। जायडेन सेल्स, हेडन वॉल्श और अकील हुसैन को एक-एक विकेट मिला।
वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने किया निराश
वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने एक बार फिर अपनी टीम को निराश किया। 270 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम का पहला विकेट 25 रन के स्कोर पर गिर गया। इसके बाद नियमित अंतराल पर टीम विकेट गंवाती रही। 93 रन के स्कोर पर कप्तान पूरन सहित आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। इसके बाद अकील हुसैन ने 37 गेंद में 60 रन बनाकर लड़ाई की, लेकिन यह पारी वेस्टइंडीज को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं थी। अंत में कैरिबियाई टीम 37.2 ओवर में 216 रन बनाकर आउट हो गई और यह मैच डकवर्थ लुइस नियम के तहत 53 रन से हार गई।
पाकिस्तान के लिए शादाब खान ने बल्ले के बाद गेंद से भी कमाल किया और सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद नवाज और हसन अली को दो-दो विकेट मिले। शाहनवाज दहानी और मोहम्मद वसीम जूनियर को एक-एक विकेट मिला।