पाकिस्तान के सीमित ओवरों के विशेषज्ञ इफ्तिखार अहमद का निचले क्रम पर बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने को लेकर दर्द छलका। इफ्तिखार ने कहा कि वह खुद को मध्य क्रम का बल्लेबाज नहीं मानते हैं। पाकिस्तान के लिए चार टेस्ट, 28 वनडे और 66 टी20 खेल चुके 34 वर्षीय इफ्तिखार का फॉर्म हाल के वर्षों में खराब रहा है और वह टी20 विश्व कप में भी संघर्ष करते दिखे थे।
'मध्य क्रम नहीं निचले क्रम का बल्लेबाज हूं'
इफ्तिखार अहमद ने कहा, मैं मध्य क्रम का नहीं निचले क्रम का बल्लेबाज हूं। मैं ऑलराउंडर भी नहीं हूं। आप देखें कि मैं सातवें या आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आता हूं, जबकि ऑलराउंडर या मध्य क्रम के बल्लेबाज चौथे या पांचवें नंबर पर उतरते हैं। मैं खुद को एक टेलेंडर समझता हूं।
खराब प्रदर्शन के कारण हुई आलोचना
इफ्तिखार के खराब प्रदर्शन के कारण उनकी आलोचना की गई थी और टीम में कई युवाओं के होने से विकल्प तलाशने की मांग की जाती रही है। अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में इफ्तिखार अहमद ने 55 पारियों में से 25 बार पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी की है, जबकि 11 बार सातवें नंबर और 10 बार छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। वनडे में 24 पारियों में से इफ्तिखार 16 बार छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हैं।
चैंपियंस कप में छाप छोड़ने के लिए उत्सुक इफ्तिखार
पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज इफ्तिखार ने यह भी कहा कि वह चैंपियंस कप में अपनी छाप छोड़ने के इच्छुक हैं क्योंकि उनका मानना है कि उनके पास अभी भी राष्ट्रीय टीम को देने के लिए बहुत कुछ है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान टीम में कुछ प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उन्हें विश्वास है कि टीम जल्द ही इस साल होने वाले सफेद गेंद प्रारूप के मैचों और पाकिस्तान में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले वापसी करेगी