बाबर अजम, विराट कोहली और मोहम्मद रिजवान
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ खेलना चाहते हैं, लेकिन राजनीतिक कारणों की वजह से दोनों देशों के बीच सीरीज नहीं हो पा रही है। भारत और पाकिस्तान की द्विपक्षीय सीरीज साल 2013 में हुई थी, जब पाकिस्तान टीम ने भारत का दौरा किया था। इस दौरे में पाकिस्तान ने भारत के साथ वनडे और टी20 सीरीज खेली थी। इसके बाद से दोनों देशों की टीमें सिर्फ आईसीसी टूर्नामेंट में एक दूसरे के खिलाफ खेल रही हैं। इन दोनों टीमों के बीच आखिरी मैच 2021 टी20 विश्व कप में हुआ था, जब पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था।
भारत ने आखिरी बार 2005-06 में पाकिस्तान का दौरा किया था। इसके बाद से सुरक्षा कारणों और राजनीतिक तनाव के चलते भारतीय टीम पाकिस्तान में नहीं खेली है। मौजूदा समय में दोनों देशों के रिश्ते काफी खराब हैं और द्विपक्षीय सीरीज की संभावना न के बराबर है।