वर्ल्ड कप के 43वें मुकाबले में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक ने बांग्लादेश के खिलाफ शानदार शतक लगाया। लॉर्ड्स के मैदान में खेले जा रहे मुकाबले में इमाम ने वर्ल्ड कप का अपना पहला शतक लगाया और पाकिस्तान की तरफ से वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए।
हालांकि शतक लगाने के ठीक दो गेंद बाद ही इमाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर गए।
दरअसल 42वें ओवर की आखिरी गेंद पर मुस्ताफिजुर को बैक फूट पर जाकर खेलने के चक्कर में इमाम का पैर स्टंप से जा लगा और वे हिट विकेट आउट हो गए।
इसी के साथ वे वर्ल्ड कप इतिहास में हिट विकेट आउट होने वाले दूसरे पाकिस्तानी और 11वें खिलाड़ी बन गए। साथ ही इस वर्ल्ड कप में वे इस तरह से आउट होने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं, उनसे पहले न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हिट विकेट आउट हुए थे।