टी-20 वर्ल्डकप में अच्छे प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। यह सीरीज 26 नवंबर से शुरू होकर आठ दिसंबर तक चलेगी। इस सीरीज के लिए पाकिस्तान की टेस्ट टीम का एलान कर दिया गया है। पाकिस्तान की टेस्ट टीम में ओपनर इमाम उल हक, मध्यक्रम बल्लेबाज कामरान गुलाम और ऑफ स्पिन बिलाल आसिफ की वापसी हुई है। वहीं हरीश रऊफ, इमरान बट्ट, शहनवाज दहानी और याशिर शाह को टीम से बाहर कर दिया गया है। इससे पहले जब पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज का दौरा किया था तब ये चारो खिलाड़ी टीम का हिस्सा थे।
इस सीरीज का पहला मैच चिटगांव में 26 नवंबर से 30 नवंबर के बीच खेला जाएगा। वहीं दूसरा टेस्ट चार दिसंबर से आठ दिसंबर के बीच खेला जाएगा।
इमाम को घरेलू प्रदर्शन का फायदा
इमामल उल हक ने क्वाड ए आजम ट्राफी के चार मैचों में 488 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक दोहरा शतक भी लगाया था। इसी वजह से राष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी हुई है। उन्होंने अब तक पाकिस्तान के लिए 11 टेस्ट खेले हैं। उनका आखिरी टेस्ट मैच साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड के मैदान पर था। वहीं यासिर शाह अभी भी अपने अंगूठे की चोट से जूझ रहे हैं और उनकी जगह बिलाल आसिफ को मौका दिया गया है। बांग्लादेश की टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की संख्या ज्यादा है। इस बात को ध्यान रखते हुए बिलाल को मौका दिया गया है। वहीं इसके बाद पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सिरीज भी खेलनी है।
कामरान गुलाम की वापसी
कामरान गुलाम ने क्वाड ए आजम ट्राफी में अच्छा प्रदर्शन किया था। इसके बाद पाकिस्तान की टीम में उन्हें जगह दी गई थी। हालांकि वेस्टइंडीज के दौरे में उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया। अब बांग्लादेश के खिलाफ उनकी वापसी हुई है। टीम के चयनकर्ता ने कहा "हमने टीम मैंनेजमेंट के साथ बात करके हालातों के अनुसार टीम का चयन किया है। इसमें विपक्षी टीम को भी ध्यान में रखा गया है। हमनें हरीश रऊफ और शहनवाज दहानी को टी-20 के बाद आराम दिया है ताकि वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए तैयारी कर सकें।"
पाकिस्तान टेस्ट टीम
बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान, अब्दुल्ला शफीक, आबिद अली, अजहर अली, बिलाल आसिफ, फहीम अशरफ, हसन अली, फवाद आलम, इमाम-उल-हक, कामरान गुलाम, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, नौमान अली, साजिद खान, सरफराज अहमद, सऊद शकील, शाहीन शाह अफरीदी, जाहिद महमूद।