पाकिस्तान के खिलाफ लगातार दो वनडे मैच हारकर टीम इंडिया अपने ही सरजमीं पर सीरीज गंवा चुकी है। दूसरे मैच में गेंदबाजी से लेकर बल्लेबाजी तक पाकिस्तानी खिलाड़ी भारतीय पर भारी पड़े।
सहवाग, गंभीर का फ्लॉप शो
पाकिस्तान की ओर से नासिर जमशेद और मोहम्मद हफीज की सलामी जोड़ी ने 141 रनों की साझेदारी कर टीम के जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं पुराने रिकॉर्डस के दम पर टीम में बने हुए सहवाग और गंभीर ने का फ्लॉप शो इस मैच में भी जारी रहा। गंभीर 11 और सहवाग 31 रन बनाकर चलते बने। 55 रनों पर भारत ने गंभीर और कोहली का विकेट गंवा दिया था जबकि सहवाग क्रीज पर पांव जमा चुके थे। ऐसे समय में सहवाग को जब टिक कर खेलने की बारी आई तो वे एक बार फिर गैरजिम्मेदार शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा दिया।
जुनैद की घातक गेंदबाजी
भारतीय टीम को घरेलू मैदान पर लगातार दूसरा वनडे हराने में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज जुनैद खान का अहम रोल रहा। दूसरे वनडे में जुनैद ने गौतम गंभीर और विराट कोहली के रूप में दो शुरुआती झटके दिए। इससे भारतीय पारी लड़खड़ा गई वहीं पाक के अन्य गेंदबाजों को हावी होने का मौका मिल गया। जुनैद ने सीरीज के पहले वनडे मैच में भी 4 विकेट लिए थे।
अश्विन को ऊपर बैटिंग का मौका
आमतौर पर हर टीम बल्लेबाजों के कौशल के आधार पर उन्हें बैटिंग ऑर्डर देती है। लेकिन ईडन गार्डंस वनडे में भारतीय टीम की ओर से बेहद चौंकाने वाला निर्णय दिखा। 95 रनों पर जब भारत का पांचवा विकेट गिरा तो टीम में ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के रहते हुए स्पिनर के तौर पर खेलने वाले आर अश्विन को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला। अश्विन के जल्दी आउट होने के चलते आगे आने वाले अन्य बल्लेबाजों पर और भी दबाव बढ़ गया और वे बिखर गए।
जमशेद का शानदार शतक
ईडन गार्डंस की जिस पिच पर दोनों टीमें पूरा ओवर नहीं खेल सकी वहां नासिर जमशेद ने महज 103 गेंदों में 106 रनों की पारी खेली। 12 चौके और 2 छक्कों से सजी नासिर की इस पारी के दौरान कभी नहीं लगा कि यह गेंदबाजों की मददगार पिच है। मैन ऑफ द मैच नासिर ने दूसरे ओपनर मोहम्मद हफीज (76) के साथ मिलकर पहले विकेट लिए 141 रनों की साझेदारी की। इतनी मजबूत शुरुआत के बाद भी पाकिस्तानी टीम पूरा ओवर नहीं खेल सकी और 48.3 ओवर में 250 रनों पर ढेर हो गई।
धोनी की कप्तानी
इस मैच में भी धोनी की कप्तानी सवालों के घेरे मे रही। टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी का फैसला टीम को रास नहीं आया। जबकि मैच से पहले क्यूरेटर ने इस बात के संकेत दिए थे कि इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करना फायदेमंद होगा। साथ ही टीम में आठ बल्लेबाज होने के बावजूद पहले गेंदबाजी का फैसला धोनी की कप्तानी पर सवालों के घेरे में रहा। इसके अलावा पिछले कुछ मैचों से फॉर्म में चल रहे धोनी इस मैच में ऊपर ऑर्डर में बैटिंग करने के बजाय निचले क्रम में आए। जिससे उनके नाबाद 54 रन बनाने के बावजूद टीम इंडिया को हार का मुहं देखना पड़ा। मैच का फुल स्कोर कार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें।