वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड ने अपने-अपने मैच जीत लिए हैं
- फोटो : सोशल मीडिया
दक्षिण अफ्रीका में चल रहे महिला टी20 विश्व कप में रविवार (19 फरवरी) को वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को तीन रन से हरा दिया। पार्ल के बोलैंड पार्क में वेस्टइंडीज की कप्तान हीली मैथ्यूज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस टीम ने 20 ओवर में छह विकेट पर 116 रन बनाए। पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए 117 रन बनाने थे, लेकिन यह टीम 113 रन ही बना पाई और मैच तीन रन से हार गई। इसके साथ ही पाकिस्तान की टीम का टूर्नामेंट से बाहर होना लगभग तय हो चुका है।
दिन के दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को हरा दिया और श्रीलंकाई टीम भी टूर्नामेंट से बाहर होने के करीब है। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 162 रन बनाए थे। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम सिर्फ 60 रन पर सिमट गई और टूर्नामेंट में इस टीम का सफर खत्म होने की कगार पर है।
वेस्टइंडीज के लिए विलियम्सन ने बनाए सर्वाधिक रन
वेस्टइंडीज के लिए रशदा विलियम्स ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 34 गेंद पर 30 रन बनाए। शेमेन कैंपबेल ने 26 गेंद पर 22 रन, कप्तान हीली मैथ्यूज ने 21 गेंद पर 20 रन, शबिका गजनबी ने 15 गेंद पर 13 रन, चिनले हेनरी ने 10 गेंद पर 11 रन बनाए। आलियाह एलीने ने नौ रनों का योगदान दिया। एफी फ्लेचर ने नाबाद चार और त्रिशन होल्डर ने नाबाद एक रन बनाए। पाकिस्तान के लिए निदा डार ने सर्वाधिक एक विकेट लिए। सादिया इकबाल, फातिमा सना, तुबा हसन और नाशरा संधू को एक-एक सफलता मिली।
क्या हैं सेमीफाइनल के समीकरण?
ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप ए में अपने सभी चार मैच जीते हैं और सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम दूसरे स्थान पर हैं, लेकिन सेमीफाइनल में उसकी जगह पक्की नहीं है। दक्षिण अफ्रीका का आखिरी मैच बांग्लादेश के साथ है और यहां जीतने पर अफ्रीकी टीम ऑस्ट्रेलिया के साथ इस ग्रुप से सेमीफाइनल में पहुंचेगी। अफ्रीका के सेमीफाइनल खेलने की संभावना ज्यादा है। वहीं, ग्रुप बी में इंग्लैंड ने अपने तीनों मैच जीते हैं और इस टीम का सेमीफाइनल खेलना पक्का है। भारत और वेस्टइंडीज के चार-चार अंक हैं, लेकिन भारतीय टीम अपना आखिरी मैच आयरलैंड के खिलाफ जीतकर सेमीफाइनल खेल सकती है। इसकी संभावना भी बहुत ज्यादा है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और भारत की टीम महिला टी20 विश्व कप का सेमीफाइनल खेल सकती हैं।