सीन विलियम्स (118*) के शानदार शतक और ब्लेसिंग मुजरबानी की घातक गेंदबाजी के दम पर जिम्बाब्वे ने मंगलवार को तीसरे और अंतिम वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच में पाकिस्तान को सुपरओवर में हरा दिया। मगर तीन मैचों की सीरीज पाकिस्तान ने 2-1 से अपने नाम की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने छह विकेट के नुकसान पर 278 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने भी कप्तान बाबर आजम (125) और वहाब रियाज (52) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत 9 विकेट खोकर इतने ही रन बनाए। इसके बाद मैच सुपरओवर में चला गया, जहां जिम्बाब्वे ने बाजी मार ली। जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी ने सुपरओवर में दो विकेट लिए।
जिम्बाब्वे की तरफ से सीन विलियम्स के अलावा ब्रेंडन टेलर (56) और सिकंदर रजा ने 45 रनों का योगदान दिया। पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद हसनेन ने बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने 26 रन देकर पांच विकेट चटकाए। बता दें कि इस मैच को हारकर पाकिस्तान ने अपना पांच साल का रिकॉर्ड खराब किया। दरअसल, साल 2015 के बाद जिम्बाब्वे ने पहली बार पाकिस्तान पर जीत दर्ज की है।