पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का मुकाबला मुल्तान में खेला जा रहा है। शुरुआती दो वनडे मैचों को जीतने के बाद पाकिस्तानी टीम सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी है। मुकाबले में वेस्टइंडीज के कप्तान और विकेटकीपर निकोलस पूरन ने अपने बल्ले से नहीं बल्कि गेंद से कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी स्पिन गेंदों से पाकिस्तानी बल्लेबाजों को नचाया और चार विकेट झटक लिए।
मैच में टॉस जीतकर पूरन ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तानी ओपनर फखर जमां और इमाम उल हक ने बेहतरीन शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी की। वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को विकेट की तलाश थी। कप्तान पूरन आमतौर पर विकेटकीपिंग करते हैं, लेकिन शाई होप इस मैच में कीपिंग कर रहे थे। पूरन पार्टटाइम गेंदबाज के तौर पर आए। उन्होंने अपने तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर फखर जमां (35 रन) को क्लीन बोल्ड कर टीम को पहली सफलता दिलाई।
अगले ही ओवर में बाबर आजम को हेडेन वॉल्श ने आउट कर दिया। इसके बाद 23वें ओवर में पूरन ने इमाम उल हक को आउट कर विंडीज को तीसरी सफलता दिलाई। इमाम 62 रन बनाकर शाई होप को कैच थमा बैठे। पूरन ने उसी ओवर में मोहम्मद हारिस को आउट कर दिया। हारिस खाता खोले बगैर अकील हुसैन को कैच थमा बैठे। पूरन को चौथी सफलता मोहम्मद रिजवान के रूप में मिला। 25वें ओवर की चौथी गेंद पर रिजवान ने विकेटकीपर शाई होप को कैच थमा दिया। रिजवान ने 21 गेंद पर 11 रन बनाए।
पाकिस्तान की टीम 48 ओवर में नौ विकेट पर 269 रन बनाए। खराब रोशनी के कारण मैच को 48 ओवर का कर दिया गया। 117 रन पर पांच विकेट गिर जाने के बाद शादाब खान ने टीम को संभाला। उन्होंने 78 गेंद पर 86 रन बनाए। इस दौरान चार चौके और तीन छक्के लगाए। खुशदिल शाह ने 43 गेंद पर 34 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए पूरन ने 10 ओवर में 48 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा कीमो पॉल ने दो विकेट लिए। हेडेन वॉल्श और अकील हुसैन को एक-एक सफलता मिली।