ग्रुप ए से भारत सुपर चार चरण के लिए क्वालिफाई कर चुका है और दूसरे स्थान के लिए पाकिस्तान और यूएई में टक्कर है। बुधवार को होने वाले मैच में जो टीम जीतेगी वो चार अंक लेकर अगले दौर के लिए क्वालिफाई कर जाएगी।
भारतीय टीम से मिली हार करार और मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को लेकर विवाद के बीच पाकिस्तान का सामना बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से होगा। पाकिस्तान और यूएई ने दो में से एक-एक मैच जीते हैं और सुपर चार का टिकट कटाने के लिए दोनों टीमों को जीत दर्ज करनी जरूरी है। यानी यह तय है कि इस मैच में जो हारेगा उसका सफर ग्रुप चरण में ही थम जाएगा।
विज्ञापन
ग्रुप ए से भारत सुपर चार चरण के लिए क्वालिफाई कर चुका है और दूसरे स्थान के लिए पाकिस्तान और यूएई में टक्कर है। बुधवार को होने वाले मैच में जो टीम जीतेगी वो चार अंक लेकर अगले दौर के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। पाकिस्तान ने भले ही ओमान के खिलाफ जीत दर्ज की थी, लेकिन उस मैच में भी टीम की बल्लेबाजी खराब रही थी और भारत के खिलाफ तो पूरा बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह ढह गया था।
पाकिस्तानी खिलाड़ियों को विवाद से हटाना होगा ध्यान
पाकिस्तान और भारत के बीच मैच में हाथ नहीं मिलाने को लेकर विवाद हुआ था और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की और पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार उसने धमकी दी है कि यदि जिम्बाब्वे के इस रेफरी को नहीं हटाया गया तो वह टूर्नामेंट से हट जाएगा। पायक्रॉफ्ट को टूर्नामेंट के पाकिस्तान के अंतिम लीग मैच के दौरान मैच रेफरी की भूमिका निभानी है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने उसकी इस मांग को नामंजूर कर दिया है। भले ही यह फैसला प्रशासनिक स्तर का है लेकिन पाकिस्तान के खिलाड़ी इससे अपना ध्यान हटा पाएंगे ऐसा मुश्किल लगता है। लेकिन यह कहानी का केवल एक पहलू है, क्योंकि पाकिस्तान को मैदान पर इससे भी अधिक गंभीर समस्याओं का समाधान करना है।
पाकिस्तान ने दो मैचों में एक जीत और एक हार दर्ज की है और फिलहाल वह दो अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। नेट रन रेट के आधार पर वह यूएई (दो अंक) से आगे है, लेकिन यहां एक भी चूक उसे बाहर का रास्ता दिखा देगी। भारत के खिलाफ सात विकेट की करारी हार ने इस पाकिस्तानी टीम की कमजोरी उजागर कर दी है। ओमान जैसी कमजोर टीम को बड़े अंतर से हराने के बाद पाकिस्तान को अपने बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण टी20 में विश्व चैंपियन भारत के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा।
पाकिस्तान के बल्लेबाजों के पास भारत के स्पिनरों कुलदीप यादव और अक्षर पटेल का कोई जवाब नहीं था। पाकिस्तानी बल्लेबाज स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के सामने भी मुश्किल में दिखे। पाकिस्तान के उभरते हुए खिलाड़ियों जैसे सैम अयूब, साहिबजादा फरहान और हसन नवाज ने ही कुछ प्रभाव छोड़ा था। यूएई के खिलाफ जीत हासिल करने पर पाकिस्तान सुपर 4 में जगह बना लेगा। पाकिस्तानी गेंदबाजों को भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामकता और कौशल के सामने संघर्ष करना पड़ा। लेग स्पिनर अबरार अहमद ने ठीक-ठाक प्रदर्शन किया, लेकिन मोहम्मद नवाज जैसे गेंदबाजों को सफलता नहीं मिली।
उलटफेर करने में सक्षम है यूएई
यूएई की टीम भले ही भारत की तरह मजबूत नहीं है लेकिन वह उलटफेर करने में सक्षम है। ओमान के खिलाफ जीत से उसका मनोबल बढ़ा होगा। उसने भारत के खिलाफ मिली करारी हार के बाद अच्छी वापसी की है और उसकी टीम अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध होगी। कप्तान मोहम्मद वसीम और अलीशान शराफू जैसे बल्लेबाज टी-20 प्रारूप में काफी अनुभवी हैं। गेंदबाजी में यूएई के पास अनुभवी जुनैद सिद्दीकी और बाएं हाथ के स्पिनर हैदर अली हैं, लेकिन उन्हें साथी स्पिनर ध्रुव पाराशर और हर्षित कौशिक से अधिक सहयोग की आवश्यकता होगी।