एशिया कप 2022 में पाकिस्तान की टीम फाइनल में पहुंच चुकी है, लेकिन इस टीम का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा है। पहले ही मैच में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद वापसी करते हुए इस टीम ने हॉन्गकॉन्ग को हराया। सुपर चार के पहले मैच में भारत को हराकर पिछली हार का बदला भी लिया, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ यह टीम हार की कगार पर पहुंच गई थी। आखिरी ओवर में नसीम शाह ने दो छक्के लगाकर पाकिस्तान को फाइनल में पहुंचा दिया।
सुपर चार के आखिरी मुकाबले में भी पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच के दौरान पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम अपने विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान पर गुस्सा भी हो गए। बाबर ने रिजवान को डांटते हुए यहां तक कह दिया कि कप्तान मैं हूं। हालांकि, दोनों के बीच दोस्ती काफी गहरी है और रिजवान ने इस बात का बुरा नहीं लगा।
क्या है मामला?
पाकिस्तान की टीम इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई थी और 19.1 ओवर में 121 रन के स्कोर पर सिमट गई थी। इसके जवाब में श्रीलंका ने अच्छा खेल दिखाया और 16वें ओवर में जीत के करीब पहुंच चुकी थी। हसन अली की गेंद श्रीलंकाई कप्तान दसून शनाका के बल्ले के करीब से निकली। मोहम्मद रिजवान ने जोर की अपील की, लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने रिव्यू की मांग की और अंपायर ने तीसरे अंपायर को फैसले की समीक्षा करने को कहा।
पाकिस्तान के कप्तान बाबर दूसरी तरफ फील्डिंग कर रहे थे। रिजवान के रिव्यू लेने पर वह काफी नाजार दिखे। उन्होंने इशारा करते हुए कहा कि कप्तान मैं हूं, आप खुद रिव्यू क्यों ले रहे हैं। हालांकि, नियमों के अनुसार फील्डिंग कर रही टीम का कप्तान ही रिव्यू लेता है। वहीं, बल्लेबाजी कर रही टीम का वही बल्लेबाज रिव्यू की मांग करता है, जिसे आउट करार दिया गया है। इस मैच में ऐसा नहीं हुआ तो बाबर नाराज हो गए। हालांकि, ये रिव्यू भी पाकिस्तान को हार से नहीं बचा सका और श्रीलंका ने यह मुकाबला पांच विकेट से जीत लिया। 17वें ओवर में दसून शनाका आउट हुए, लेकिन हसरंगा ने दो चौके लगाकर श्रीलंका को जीत दिला दी।