दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर और कमेंटेटर शॉन पोलॉक ने उस वक्त सभी को चौंका दिया जब उन्होंने पाकिस्तान टेस्ट टीम के कप्तान शान मसूद को 'भारत का कप्तान' कहकर बुलाया। दरअसल, पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला लाहौर में खेला जा रहा है। इस मैच में कमेंट्री के दौरान शॉन पोलॉक ने बड़ी गलती कर दी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है।
शॉन पोलॉक की फिसली जुबान
पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर और कमेंटेटर शॉन पोलॉक ने लाइव कमेंट्री के दौरान बड़ी गलती कर दी। उन्होंने पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान शान मसूद को गलती से 'भारत का कप्तान' कह दिया। यह घटना तब हुई जब पाकिस्तान की पहली पारी का 39वां ओवर खत्म हुआ था। पोलॉक ने दर्शकों में एक फैन को 'किंग बाबर' लिखा पोस्टर पकड़े देखा। इस पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि प्रशंसक चाहते हैं कि उनके कप्तान आउट हो जाएं ताकि बाबर आजम बल्लेबाजी करने आएं। लेकिन इसी दौरान उनसे ज़ुबान फिसल गई और उन्होंने कहा, 'मुझे यकीन नहीं हो रहा कि लोग चाहते हैं शान मसूद, भारत के कप्तान, आउट हो जाएं ताकि बाबर क्रीज पर आएं।'
मसूद ने 76 और बाबर ने 23 रन बनाए
इस मैच में शान मसूद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 76 रन बनाए, लेकिन 48वें ओवर में उन्हें प्रेनेलन सुब्रायन ने एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। उनके आउट होने के बाद जब बाबर आज़म मैदान में उतरे तो पूरा स्टेडियम 'बाबर-बाबर' के नारों से गूंज उठा। हालांकि, बाबर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। वह साइमन हार्मर का शिकार बन गए और 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
दिन का अंत पाकिस्तान ने पांच विकेट पर 313 के स्कोर के साथ किया। मोहम्मद रिजवान (62)* और सलमान आगा (52)* नाबाद रहे और दोनों ने मिलकर 114 रनों की साझेदारी की। इससे पहले इमाम-उल-हक ने शानदार 93 रन बनाए, लेकिन वह शतक पूरा नहीं कर पाए। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के लिए सेनुरन मुथुस्वामी ने दो विकेट लिए जबकि कगिसो रबाडा, प्रेनेलन सुब्रायन और साइमन हार्मर को एक-एक सफलता मिली।