दक्षिण अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा चोट से उबर चुके हैं और पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में खेलने को तैयार हैं। 25 वर्षीय गेंदबाज ने बुधवार को कहा कि 26 जनवरी से यहां पाकिस्तान के खिलाफ चुनौतीपूर्ण टेस्ट श्रृंखला में ‘रिवर्स स्विंग’ अहम भूमिका निभाएगी।
क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका द्वारा जारी वीडियो में रबाडा ने कहा, ‘हमें उम्मीद है कि उछाल ज्यादा नहीं होगा और न ही ‘लेटरल मूवमेंट’ ज्यादा होगी इसलिए हमें लगता है कि श्रृंखला में ‘रिवर्स स्विंग’ अहम भूमिका निभाएगी और हमें ‘स्ट्रेट लाइन’ में गेंदबाजी करनी होगी।’
बता दें कि दक्षिण अफ्रीका की टीम इस वक्त पाकिस्तान दौरे पर है। यहां वह पाकिस्तान के खिलाफ कराची (26 से 30 जनवरी) और रावलपिंडी (चार से आठ फरवरी) में दो टेस्ट मैच खेलेगी। इसके बाद दोनों टीमें 11 फरवरी से लाहौर में तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में आमने-सामने होंगी।