पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच कराची के राष्ट्रीय स्टेडियम में मंगलवार से शुरू हो गया। पहले दिन का खेल खत्म होने पर दक्षिण अफ्रीकी टीम मजबूत स्थिति में थी। यहां दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन पाकिस्तानी स्पिनरों के आगे उसके बल्लेबाज बड़ा स्कोर करने में असफल रहे।
दक्षिण अफ्रीका ने डीन एल्गर की अर्धशतकीय पारी और नीचले क्रम के खिलाड़ियों की छोटी-छोटी पारियों की बदौलत पहली पारी में 220 रन बनाए। मेहमान टीम की तरफ से एल्गर ने सबसे अधिक 58 रन बनाए। वहीं पाकिस्तान की तरफ से यासिर शाह ने सर्वाधिक तीन, शाहीन अफरीदी और डेब्यूटेंट नौमन अली ने दो-दो विकेट चटकाए।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत खराब रही और उसके शुरू के बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा के आगे संघर्ष करते नजर आए। पाकिस्तान की टीम पहले दिन 18 ओवर की बल्लेबाजी कर पाई जिसमें उसने चार विकेट गंवाकर 33 रन बनाए। इस हिसाब से मेजबान टीम अभी दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी के स्कोर से 187 रन पीछे है। जबकि फवाद आलम और अजहर अली पांच-पांच रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीका की तरफ से रबाडा ने छह ओवर में आठ रन देकर अब तक सर्वाधिक दो विकेट चटकाए हैं।