पाकिस्तान क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के चौथे दिन 319 रन का लक्ष्य मिला है। मेजबान टीम ने दिन का खेल समाप्त होने के समय बिना स्कोर के दो विकेट गंवा दिए हैं। अब्दुल्ला शफीक और मीर हमजा दोनों बिना खाता खोले आउट हो गए हैं। शफीक को टिम साउदी ने क्लीन बोल्ड किया। वहीं, मीर हमजा को ईश सोढ़ी ने पवेलियन भेजा।
बीस साल में पाकिस्तान का पहला दौरा कर रही न्यूजीलैंड की टीम ने दूसरी पारी 5 विकेट पर 277 रन पर घोषित कर दी थी। पाकिस्तान को अगर जीत हासिल करनी है तो उसे 1994 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हासिल किए 314 रन के लक्ष्य के अपने पिछले रिकॉर्ड को बेहतर करना होगा।
चौथे दिन मैदानी अंपायरों एलेक्स वार्फ और अलीम दार से निर्णयों में चूक हुए। न्यूजीलैंड के लिए टॉम ब्लंडेल (74) और माइकल ब्रेसवेल (74 नाबाद) ने 127 रन की साझेदारी की। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 41 रन की बढ़त ली थी, जब पाकिस्तान को पहली पारी में 408 रन पर आउट कर दिया। मैदानी अंपायरों के पगबाधा के दो निर्णय और दार के हेनरी निकोलस को विकेट के पीछे आउट देने का निर्णय भी रिव्यू के बाद पलटा।