दरअसल, नीदरलैंड की पारी के दौरान हारिस रऊफ छठे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए। ओवर की पांचवीं गेंद पर रऊफ ने बाउंसर डाली। यह गेंद 142 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी गई थी। गेंद सीधे जाकर डी लीड के हेल्मेट पर लगी। इसके बाद डी लीड परेशानी में दिखे। डी लीड ने गेंद को लेग बाउंड्री की तरफ मारना चाहा, लेकिन गेंद आंख के पास जाकर लगी। इसके बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी भी उनके करीब पहुंचे और उनसे हाल जाना।
इसके बाद नीदरलैंड के फीजियो भी दौड़ते हुए मैदान में पहुंचे। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। जांच के दौरान पता चला कि डी लीड की दाईं आंख के नीचे गाल पर चोट लगी थी, जिससे खून बह रहा था। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें डग आउट ले जाया गया और इलाज किया गया। वह फिर बल्लेबाजी नहीं कर सके। न ही फील्डिंग के वक्त वह मैदान पर आए। पाकिस्तान की पारी के दौरान डी लीड को डर आउट में दिखाया गया।
उनकी आंखों में सूजन थी और नीचे में चोट के निशान थे। मैच की बात करें तो नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 91 रन बनाए। शादाब खान ने तीन और मोहम्मद वसीम जूनियर ने दो विकेट लिए।जवाब में पाकिस्तान की टीम ने 13.5 ओवर में 95 रन बनाकर मैच जीत लिया। मोहम्मद रिजवान ने 39 गेंदों में 49 रन की पारी खेली।