जैक लीच के सिर पर गेंद को चमकाते जो रूट
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट रावलपिंडी में खेला जा रहा है। तीन दिन में दोनों टीमों ने मिलकर 1100 से ज्यादा रन बना लिए हैं। इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में 657 रन बनाए। वहीं, पाकिस्तानी टीम ने तीसरे दिन खेल समाप्त होने तक पहली पारी में सात विकेट पर 499 रन बना लिए। वह अभी भी पहली पारी के आधार पर 158 रन पीछे है। पाकिस्तान की पारी के दौरान एक अजीब वाकया देखने को मिला। इसे देखकर खिलाड़ियों के अलावा फैंस भी हैरान रह गए।
रावलपिंडी में गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिली। पाकिस्तानी पारी के 72वें ओवर में इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी जो रूट ने गेंद को चमकाने के लिए एक नई तरकीब निकाली। उस समय पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम और अजहर अली बल्लेबाजी कर रहे हैं। गेंद फेंकने के लिए तेज गेंदबाज ओली रॉबिंसन आए थे। गेंद में जान फूंकने के लिए रूट उसे चमकाना चाह रहे थे। आईसीसी की नियमों के मुताबिक, खिलाड़ी लार का इस्तेमाल नहीं कर सके।
रूट ने लीच के सिर पर गेंद को फेरा
रूट ने आईसीसी की नियमों को ध्यान में रखते हुए गेंद को चमकाने के लिए नई तरकीब निकाली। उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी जैक लीच को बुलाया और उनकी टोपी हटा दी। उसके बाद रूट ने लीच के गंजे सर पर गेंद को फेरा ताकि उस पर पसीना लग सके। इसे देखकर रूट के अन्य साथी भी हंसने लगे। पाकिस्तान के दोनों बल्लेबाज भी मुस्कुराने लगे। यहां तक कि उस समय कमेंट्री कर रहे इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
मैच में सात बल्लेबाजों ने लगाए शतक
इस मैच में अब तक सात बल्लेबाज शतक लगा चुके हैं। इंग्लैंड के लिए जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप और हैरी ब्रुक ने शतकीय पारी खेली। वहीं, पाकिस्तान के लिए पहली पारी में ओपनर अब्दुल्लाह शफीक (114 रन), इमाम उल हक (121) और कप्तान बाबर आजम (136) ने शतक लगाया।
अजहर अली और रिजवान का नहीं चला बल्ला
अनुभवी बल्लेबाज और पूर्व कप्तान अजहर अली का बल्ला नहीं चला। वह 48 गेंद पर 27 रन बनाकर आउट हो गए। सऊद शकील 94 गेंद पर 37 रन ही बना सके। विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान भी फेल हो गए। उन्होंने 44 गेंद पर 29 रन बनाए। नसीम शाह 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। आगा सलमान 10 और जाहिद महमूद एक रन बनाकर हैं। इंग्लैंड के लिए पहली पारी में विल जैक्स ने तीन और जैक लीच ने दो विकेट लिए। जेम्स एंडरसन और ओली रॉबिंसन को एक-एक सफलता मिली।