पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। उन्होंने अपने देश के झंडे को पैर से उठाकर उसका अपमान किया है। इसके बाद से वह लोगों के निशाने पर हैं। दरअसल, रिजवान फैंस को ऑटोग्राफ देने में इतने खो गए कि उन्होंने गलत हरकत कर दी। उनके द्वारा पैर से झंडे को उठाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
यह वाकया इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच के बाद कराची में हुआ। नेशनल स्टेडियम में मैच जीतने के बाद रिजवान फैंस को ऑटोग्राफ दे रहे हैं। प्रशंसक उन्हें दूर से फेंककर टी-शर्ट, कैप, और अन्य चीजें दे रहे थे और रिजवान उस पर ऑटोग्राफ दिए जा रहे थे। इसी बीच, एक प्रशंसक ने पाकिस्तान का झंडा फेंक दिया। उसे रिजवान पकड़ नहीं पाए। झंडा उनके पैर पर गिर जाता है।
रिजवान ऑटोग्राफ देने में इतने मशगूल थे कि उन्होंने झंडे को हाथ से उठाने की जगह पैर से ही उठा लिया। वहां मौजूद प्रशंसक भी रिजवान की इस हरकत से परेशान हो गए। इसका वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोग उन्हें भला-बुरा कहने लगे।
मैच की बात करें तो इंग्लैंड की सात टी20 मैचों की सीरीज के लिए पाकिस्तान के दौरे पर है। सीरीज में दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर है। पहला और तीसरा मैच इंग्लैंड ने जीता था। वहीं, पाकिस्तान ने दूसरा और चौथा मुकाबला अपने नाम किया। शुरुआती चारों मैच कराची में खेले गए। अब बाकी बचे तीन मैच लाहौर के मशहूर गद्दाफी स्टेडियम में खेले जाएंगे। पांचवां मैच बुधवार (28 सितंबर) को खेला जाएगा।
सीरीज में रिजवान ने शानदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने अब तक चार पारियों में 141.57 के स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए हैं। वह तीन अर्धशतक लगा चुके हैं। उन्होंने चौथे मैच में 88 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी। वह सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में शीर्ष पर हैं।