फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रन आउट विवाद पर बहस तेज: आगा का खेल भावना पर जोर, मेहदी से नहीं की सुलह; पाकिस्तानी खिलाड़ी के समर्थन में कैफ

Sat, 14 Mar 2026 11:31 AM IST
Sovit Chaturvedi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ढाका

सार

पाकिस्तान के खिलाड़ी सलमान अली आगा ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे में मेहदी हसन मिराज द्वारा किए गए रन आउट पर चुप्पी तोड़ी है। आगा ने इस मामले पर खेल भावना पर जोर दिया है। 
विज्ञापन
पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच मैच के दौरान शुक्रवार को उस वक्त विवाद हुआ जब मेहदी हसन मिराज ने विवादित तरीके से सलमान अली आगा को रन आउट कर दिया। इस पूरे विवाद पर अब सलमान आगा का बयान सामने आया है। आगा ने स्पष्ट कहा है कि उन्होंने इस मामले को लेकर अभी तक मेहदी के साथ सुलह नहीं की है। यानी आगा अभी तक नाराज हैं। 
विज्ञापन


 

बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच शुक्रवार को ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया। यह मैच सलमान अली आगा के रन-आउट के तरीके को लेकर चर्चा में है। आगा को जिस तरह आउट किया गया उसे खेल की भावना के खिलाफ माना जा रहा है। आगा ने इस पूरे मामले पर क्या कहा उससे पहला जानते हैं कि किस कारण इतना विवाद हो रहा है... 

इस तरह रन आउट हुए सलमान आगा - फोटो : BCB Video Screen Grab
कैसे रन आउट हुए आगा?
  • यह घटना पाकिस्तान पारी के 39वें ओवर में घटी।
  • मेहदी हसन मिराज की गेंद चौथी गेंद पर मोहम्मद रिजवान ने शॉट खेला।
  • गेंद को रोकने के लिए मिराज आगे बढ़े और अपने पैर से उन्होंने इसे रोका।
  • इस दौरान नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े सलमान आगा क्रीज से बाहर निकले हुए थे।
  • चूंकि गेंद सलमान आगा के पास रुक गई थी तो उन्हें लगा कि गेंद पूरी हो गई है।
  • लेकिन मिराज ने तत्परता दिखाते हुए गेंद को स्टंप्स की ओर मारा और रन आउट की अपील कर दी।
  • सलमान इससे चौंक गए, लेकिन वह क्रीज से बाहर थे और इस कारण तीसरे अंपायर ने उन्हें आउट दिया।
  • इससे सलमान बौखला गए और उन्होंने गुस्से में हेलमेट मैदान पर फेंक दिया और गुस्से से ड्रेसिंग रूम की ओर लौटे। 
  • पवेलियन लौटने से पहले सलमान ने मिराज के साथ बहस की, लेकिन बांग्लादेशी कप्तान उन्हें समझाते नजर आए।  

आगा बोले- हम ऐसा नहीं करते 
इस मामले पर सलमान आगा ने कहा, मुझे लगता है कि खेल भावना होनी चाहिए। मैं मेहदी को गेंद वापस देने की कोशिश कर रहा था। ऐसी स्थिति में इसे डेड करार दिया जा सकता था। गेंद मेरे पैड पर और फिर मेरे बल्ले पर लगी, इसलिए मुझे लगा कि वह अब मुझे रन-आउट नहीं कर सकते, क्योंकि गेंद पहले ही मेरे पैड और मेरे बैट पर लग चुकी थी। मैं बस उन्हें गेंद वापस देने की कोशिश कर रहा था। मैं रन नहीं ले रहा था, लेकिन उसने पहले ही रन आउट करने का फैसला कर लिया।

आगा ने कहा, बांग्लादेश ने जो किया है वह नियम के अनुसार है। मुझे लगता है कि अगर उन्हें लगता है कि यह सही है, तो यह सही है। लेकिन मेरे नजरिए से मैं इसे अलग तरह से करता। मैं खेल भावना का पालना करता। हमने पहले ऐसा कुछ नहीं किया है और भविष्य में भी ऐसा कभी नहीं करेंगे।

आगा रन आउट होने के बाद काफी गुस्से में नजर आए थे और उन्होंने बांग्लादेशी खिलाड़ियों के लिए कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया था। इस पर उन्होंने कहा, उस पल मैंने गुस्से में रिएक्शन दिया था। कुछ चीजों को अलग तरह से हैंडल करना चाहिए। मुझे याद नहीं कि मैं क्या कह रहा था और लिटन दास क्या कह रहे थे। मुझे यकीन है कि मैं अच्छी बातें नहीं कह रहा था और वह भी अच्छी बातें नहीं कह रहे थे। मैंने मेहदी से अभी तक सुलह नहीं की है।
विज्ञापन

आगा को मिला कैफ का साथ
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने इस पूरे मामले पर आगा का समर्थन किया है। कैफ ने इस मामले में बांग्लादेशी कप्तान मिराज की हरकत को गलत बताया है। कैफ ने एक्स पर लिखा, यह बिल्कुल सही नहीं था। विकेट लेने का यह तरीका किसी भी तरह से सही नहीं है। वो भी कप्तान ने ऐसा किया। युवाओं को ध्यान में रखो, अगर विश्व कप फाइनल भी दांव पर लगा हो तब भी वो नहीं करना जो बांग्लादेशी कप्तान ने किया। बिना खेल भावना के खेल नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें