पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला रावलपिंडी स्टेडियम में खेला गया। उबाऊ और नीरस मैच में दर्शकों को सिर्फ बल्लेबाजों का बोलबाला देखने को मिला। गेंदबाजों को रावलपिंडी की पिच से कोई खास मदद नहीं मिली। हालांकि, उबाऊ मैच के बीच में ही ऑस्ट्रेलिया के ओपनर डेविड वॉर्नर ने दर्शकों का मनोरंजन किया।
सोशल मीडिया पर हमेशा प्रशंसकों से बात करने वाले वॉर्नर ने स्टेडियम में उन्हें निराश नहीं किया। विशेष मांग पर उन्होंने जमकर डांस किया। फील्डिंग के दौरान वॉर्नर ने बाउंड्री के करीब डांस किया। वॉर्नर ने भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली की तरह डांस किया। कोहली भी दर्शकों को मनोरंजन करते रहते हैं। वैसा ही काम वॉर्नर ने किया है। वे भी विराट की तरह मैदान पर भांगड़ा करते हुए नजर आए।
मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। उसने चार विकेट पर 476 रन बनाने के बाद पारी घोषित करने का फैसला किया। पाकिस्तान के लिए पहली पारी में अजहर अली ने 185 और इमाम उल हक ने 157 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए पहली पारी में नाथन लियोन, पैट कमिंस और मार्नश लाबुशेन ने एक-एक विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलियाई पारी की बात करें तो उसने 140.1 ओवर में 459 रन बनाए। उस्मान ख्वाजा ने 97, लाबुशेन ने 90, स्टीव स्मिथ ने 78, डेविड वॉर्नर ने 68 और कैमरून ग्रीन ने 48 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए नुमान अली ने छह विकेट झटके थे। दूसरी पारी में पाकिस्तान ने बिना विकेट गंवाए जब 252 रन बना लिए थे तब पांचवें दिन दोनों टीमों ने ड्रॉ पर सहमति जता दी। इमाम ने दूसरी पारी में भी शतक लगाते हुए 111 और अब्दुल्ला शफीक ने 136 रन बनाए।