पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और कोच जावेद मियांदाद ने अपने देश के क्रिकेट बोर्ड से निकट भविष्य में टीम इंडिया से खेलने के बारे में भूलने और खेल ढांचे में सुधार पर ध्यान देने की बात कही। मियांदाद ने कराची में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा, 'वे हमसे नहीं खेलना चाहते। यदि हम टीम इंडिया से नहीं खेलते तो हमारा क्रिकेट खत्म नहीं होगा। हमें आगे बढ़ना चाहिए और उनके बारे में भूल जाना चाहिए।' इसके अलावा उन्होंने कहा कि कि पीसीबी को द्विपक्षीय मुकाबलों के लिए बीसीसीआई से भीख मांगने की कोई जरूरत नहीं है।'
इस दौरान उन्होंने कहा, 'वे पिछले 10 वर्षों से हमसे नहीं खेले हैं, तो क्या हुआ? क्या हमारा क्रिकेट नीचे चला गया है? नहीं, हमने अच्छा किया है। चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया को हराया। पाकिस्तान में क्रिकेट खत्म नहीं हो सकता।'
बता दें कि टीम इंडिया और पाकिस्तान ने 2008 मुंबई आंतकी हमलों के बाद से दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के चलते 2012 के बाद से द्विपक्षीय क्रिकेट नहीं खेला है।