भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की जमकर प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि विराट कोहली के नेतृत्व में टीम इंडिया बदल चुकी है और बेहतर प्रदर्शन कर रही है। शमी ने कोहली को लंगोटिया यार बताते हुए कहा कि कोहली ने हमेशा कहा कि मैदान पर आपके हाथ खुले हैं आप जैसा चाहे वैसा कर सकते हैं। कप्तान के सकारात्मक व्यावहार की वजह से गेंदबाजों में परिपक्वता आई और आत्मविश्वास बढ़ा।
कोहली कभी-कभी मैदान पर आक्रामक भी होते हैं- शमी
अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए टीम इंडिया के लिए कोहली और शमी को भी चुना गया है। मशहूर कमेंटेटर और पत्रकार हर्षा भोगले ने शमी से एक इंटरव्यू में पूछा कि विराट को तेज गेंदबाजों को पसंद करते हैं या फिर एक साथ तीन चार अच्छे गेंदबाज के साथ खेलना चाहते हैं? इस पर शमी ने कहा कि आप भारतीय टीम की किस्मत मानें या कठिन परिश्रम, टीम में चार से पांच अच्छे गेंदबांज हैं। हालांकि कप्तान कोहली ने हमेशा गेंदबाजों को मैदान पर सपोर्ट किया और उन्हें पूरी आजादी दी।
शमी ने कहा कि खिलाड़ियों को लगता है कि वह कप्तान से कुछ बोलेंगे तो उन्हें कुछ सुना दिया जाएगा, लेकिन मेरा अनुभव ऐसा नहीं रहा। मैंने ज्यादातर समय देखा कि वह खिलाड़ियों की बात को गंभीरता पूर्वक सुनते हैं। उनकी नजर में विराट ने कभी दबाव नहीं डाला, मैदान पर ज्यादातर वक्त वह मजाकिया अंदाज में रहते हैं, लेकिन दबाव बढ़ने पर कभी-कभी वह आक्रमक भी हो जाते हैं।