भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने कहा है कि लीडर होने के लिए आपका कप्तान होना जरूरी नहीं है। उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की मिसाल देते हुए कहा कि अब वह कप्तान नहीं हैं, बल्लेबाजी पर फोकस कर ज्यादा योगदान दे सकते हैं।
भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान कोहली ने इस महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1-2 से सीरीज हार के बाद पांच दिवसीय प्रारूप की कप्तानी छोड़ने की घोषणा कर क्रिकेट जगत को चौंका दिया था। इससे पहले वह टी20 की कप्तानी छोड़ चुके थे जबकि वनडे प्रारूप से बीसीसीआई ने उन्हें हटा दिया था। एक कार्यक्रम के दौरान विराट ने बताया कि वह कप्तानी छोड़ने के बाद भी टीम को योगदान कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हर चीज का समय होता है, आपको इस तथ्य का भान होना चाहिए। लोग कहेंगे कि ये क्या किया लेकिन आप जानते हो कि जब आप आगे बढ़ने और ज्यादा हासिल करने की बाबत सोचते हो और यह अहसास भी होता है कि आपने अपना दायित्व सही ढंग से निभाया भी है। उन्होंने कहा, ‘अब बतौर बल्लेबाज टीम को ज्यादा बेहतर तरीके से योगदान कर सकता हूं। आप टीम को ज्यादा जीत दिला सकते हो। लीडर होने के लिए आपका कप्तान होना जरूरी नहीं है। ’
धोनी से हमेशा लेते रहे सलाह-मशविरा
कोहली ने महेंद्र सिंह धोनी से टेस्ट और फिर सीमित ओवरों की कप्तानी का दायित्व लिया। विराट ने कहा, जब एमएस धोनी टीम में थे तो ऐसा नहीं था कि वह लीडर नहीं थे। वह ऐसे खिलाड़ी रहे जिनसे हम लगातार सलाह-मशविरा करते रहे। उन्होंने यह समझा कि यह सही समय है कि मैं उनसे दायित्व लूं और भारतीय क्रिकेट का जितना संभव हो सके आगे लेकर जाऊं। मैं समझता हूं कि मैंने यह दायित्व निभाया भी है।
अपना लीडर तो खुद हूं ही
सीमित ओवरों में कोहली की जगह बीसीसीआई ने रोहित शर्मा को दायित्व सौंपा है। अभी पांच दिवसीय प्रारूप के लिए कप्तान की घोषणा नहीं की गई है। कोहली ने कहा कि आगे बढ़ने के लिए सही समय पर लिया गया फैसला लीडरशिप का हिस्सा ही है। यह समझने के लिए अब टीम को एक अलग दिशा की जरूरत है। स्वाभाविक रूप से एक ही संस्कृति के साथ लेकिन अलग तरीके से योगदान करना। सभी को सभी तरह की भूमिका और दायित्व निभाने चाहिएं। मैं एमएस की कप्तानी में एक खिलाड़ी के रूप में भी खेला और लंबे समय तक कप्तान भी रहा लेकिन मेरे सोच एक जैसी रही। मैं जब खिलाड़ी भी था तब भी एक कप्तान की तरह सोचता था। हमेशा जीत की चाहत रही है। मैं अपना लीडर खुद हूं।