फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जब रोया था हिंदुस्तान: आज ही के दिन टूटे थे दिल, टी-20 विश्व कप में आई थी कैरेबियाई आंधी

Wed, 31 Mar 2021 04:14 PM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : ट्विटर
विज्ञापन

साल 2016 में टी-20 क्रिकेट विश्व कप का आयोजन भारत में हुआ। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना था कि भारत 2016 टी-20 विश्व कप जीतने का प्रबल दावेदार है। महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने विश्व कप शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक पहुंची। सेमीफाइनल मैच में भारत का मुकाबला वेस्टइंडीज से था। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। ये वही मैच था जिसमें भारत शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद हार गया। वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाज आंद्रे रसेल और लेंडल सिमंस ने टीम इंडिया की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस सेमीफाइनल मैच में वेस्टइंडीज ने भारत को 7 विकेट से हराया था।  

विज्ञापन

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी-20 विश्व कप सेमीफाइनल मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग की। पारी की शुरूआत करने आए रोहित शर्मा और अंजिक्य रहाणे ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। रोहित 31 गेंदों पर 43 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तीसरे नंबर पर उतरे विराट कोहली ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। विराट और रहाणे ने  66 रनों की साझेदारी निभाई। रहाणे 40 रन बनाकर आउट हुए लेकिन विराट की आक्रामक बल्लेबाजी जारी रही। 

विराट कोहली ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। विराट ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर नाबाद 89 रन बनाए। अपनी पारी के दौरान विराट कोहली ने 11 चौके और 1 छक्का लगाया। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी अपने  हाथ दिखाए और 9 गेंदों पर 15 रन बनाकर अविजित रहे। इस  तरह भारत ने इस मुकाबले में 2 विकेट पर 192 रनों की विशाल स्कोर खड़ा किया। वहीं वेस्टइंडीज के गेंदबाज आंद्रे रसेल और सैमुअल बद्री 1-1 विकेट लेने में सफल रहे।  

193 रनों का टारगेट हासिल करने उतरी वेस्टइंडीज टीम की शुरूआत खराब रही और पहला विकेट सिर्फ 6 रनों पर धराशायी हो गया। पारी का आगाज करने आए क्रिस गेल 5 रन बना सके। उसके बाद तीसरे नंबर पर खेलने आए मार्लन सैमुअल्स भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिके और 8 रन बनाकर चलते बने। 2 विकेट गिरने के बाद ऐसा लगा की टीम इंडिया अब इस मुकाबले को जीत जाएगी। एक छोर पर जब 2 विकेट जल्दी गिर गए तो ऐसे में दूसरे सलामी बल्लेबाज जॉनसन चार्ल्स ने संभलकर खेलते हुए आक्रामक बल्लेबाजी कर रन रेट बरकरार रखा। 
 
विज्ञापन

जॉनसन चार्ल्स 52 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए लेंडल सिमंस ने भारतीय गेंदबाजों पर धावा बोला। वहीं दूसरे छोर पर आंद्रे रसेल ने भी तूफानी बैटिंग जारी रखी। सिमंस 51 गेंदों पर 82 रन बनाकर नॉट आउट रहे। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के जड़े। दूसरे छोर पर आंद्रे रसेल खामोश रहने वाले कहां थे। उन्होंने भी आक्रामक रुख अख्तियार कर 20 गेंदों पर नाबाद 43 रन जड़ दिए। अपनी इस मैच जिताऊ पारी के दौरान रसेल ने 3 चौके और 4 छक्के लगाए। इस प्रकार वेस्टइंडीज ने 2 गेंद शेष रहते 193 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की तरफ से आशीष नेहरा, जसप्रीत बुमराह और विराट कोहली ने 1-1 विकेट लिए। 82 रनों की नॉट आउट पारी खेलने वाले लेंडल सिमंस को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें